सेवानिवृत्त 9 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान, प्रशस्ति पत्र व शॉल भेंट कर दी गई विदाई
हरदोई। पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए नौ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को मंगलवार को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (शाहाबाद) आलोक राज नारायण ने उन्हें प्रशस्ति पत्र, शॉल और श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर उनके लंबे सेवाकाल और निःस्वार्थ योगदान के लिए सम्मानित किया।
सम्मानित होने वालों में निरीक्षक नागरिक पुलिस राजवीर सिंह, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस द्वारिका नाथ मिश्रा, दिलीप कुमार पाण्डेय, प्रभुनाथ प्रसाद, अशोक कुमार सिंह, निशेन्दु कुमार तिवारी, सूरज प्रसाद, मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस श्रीमती मिलन देवी तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कन्हई लाल शामिल रहे।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों की ईमानदार सेवा, समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की। इस दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के परिजन भी मौजूद रहे।