🔳शासकीय महाविद्यालय बहोरीबंद में माटी गणेश–सिद्ध गणेश प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
🔳कटनी- मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वावधान में ‘माटी गणेश–सिद्ध गणेश’ अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन शासकीय महाविद्यालय बहोरीबंद में किया गया। कार्यशाला में धार्मिक आस्था को पर्यावरण एवं जल संरक्षण से जोड़ते हुए माटी की गणेश प्रतिमा स्थापित करने और प्राकृतिक तरीके से विसर्जन करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से हुआ। अतिथियों का तिलक एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि जेपीजी स्कूल संचालक एवं समाजसेवी राकेश गर्ग, मंडल अध्यक्ष लौकेश व्यवहार, महेंद्र कुमार दुबे, अशोक दुबे सहित अन्य समाजसेवी उपस्थित रहे। रामेश्वर पटेल एवं नरेश दाहयत ने ‘माटी गणेश–सिद्ध गणेश’ गीत की प्रस्तुति देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विकासखंड समन्वयक अरविंद शाह ने अभियान के उद्देश्य की जानकारी देते हुए कहा कि सभी लोग अपने घरों में माटी से बनी गणेश प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना करें और उसका विसर्जन भी घर पर ही करें। विसर्जन के बाद प्राप्त मिट्टी का उपयोग पौधरोपण एवं जल संरक्षण जैसे पर्यावरण हितैषी कार्यों में किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक मिट्टी की प्रतिमाओं का उपयोग जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यशाला में मूर्तिकार सुरेंद्र चक्रवर्ती ने प्रतिभागियों को माटी से गणेश प्रतिमा बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। वहीं शासकीय महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एम.यू. सिद्दीकी ने ‘माटी गणेश–सिद्ध गणेश’ अभियान के संबंध में मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। अतिथियों ने कहा कि धार्मिक परंपराओं और आस्था को पर्यावरण एवं जल संरक्षण से जोड़ना वर्तमान समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में परामर्शदाता अवधेश बैरागी, रामसिंह पटेल, विनोद सिंह, उमा अवस्थी, धनीराम पटेल, सुरेंद्र चक्रवर्ती, भूपेंद्र दाहिया, महाविद्यालय के प्रोफेसर विनय कुमार जैन, आकाश यादव, डॉ. प्रीति तिवारी, डॉ. ज्योति ताम्रकार, दिव्या तिवारी, रविशंकर मरावी सहित नवांकुर सखी, प्रस्फुटन समिति के सदस्य, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजनों ने माटी गणेश की स्थापना, प्राकृतिक विसर्जन, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लिया।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी
Katni, Madhya Pradesh | Sep 10, 2026