🔳बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जागरूकता सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
🔳डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा को लेकर महिलाओं को किया जागरूक
🔳कटनी - महिलाओं एवं बालिकाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मिशन शक्ति की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिले के पांचों विकासखंडों कटनी, रीठी, बहोरीबंद, विजयराघवगढ़ एवं ढीमरखेड़ा में साइबर सुरक्षा पर जागरूकता सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
*महिलाओं के डिजिटल सशक्तिकरण पर विशेष जोर*
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अब्दुल गफ्फार ने बताया कि महिलाओं को इंटरनेट एवं डिजिटल तकनीक के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक करने के लिए जिले के प्रत्येक विकासखंड में प्रशिक्षण कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि डिजिटल तकनीक आज आत्मनिर्भरता, ज्ञान अर्जन और विभिन्न अवसरों तक पहुंच का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। ऐसे में महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर सुरक्षा की जानकारी होना आवश्यक है।
*एनआईआईटी फाउंडेशन के प्रशिक्षकों ने दी साइबर सुरक्षा की जानकारी*
प्रशिक्षण कार्यक्रमों में एनआईआईटी फाउंडेशन, दिल्ली के प्रशिक्षक श्री सुशित सोनी एवं श्री सचिन द्वारा प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान ऑनलाइन गतिविधियों में सावधानी बरतने तथा साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपायों को समझाया गया।
*इंटरनेट बैंकिंग और पेमेंट ऐप के सुरक्षित उपयोग पर चर्चा*
प्रशिक्षण में इंटरनेट बैंकिंग, ऑनलाइन पेमेंट ऐप एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिभागियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने, व्यक्तिगत एवं डिजिटल जानकारी की सुरक्षा करने तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने के संबंध में जागरूक किया गया।
*ऑनलाइन स्टॉकिंग एवं साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय*
कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों और ऑनलाइन स्टॉकिंग से बचाव के उपायों पर भी चर्चा की गई। प्रतिभागियों को साइबर दुनिया में सतर्कता बरतने, संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों को पहचानने और अपनी डिजिटल सुरक्षा को प्राथमिकता देने के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी