पटना में साइबर ठगों के खिलाफ बड़ा एक्शन, तीन अपार्टमेंट में एसटीएफ की छापेमारी, 32 संदिग्ध हिरासत में, पुलिस कार्रवाई से मचा हड़कंप
बिहार की राजधानी पटना में साइबर अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस ने बुधवार को बड़ा अभियान चलाया. एसटीएफ, साइबर पुलिस और स्थानीय थानों की संयुक्त टीमों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में एक साथ छापेमारी कर कई अपार्टमेंट को खंगाला. इस अचानक हुई कार्रवाई से पुलिस महकमे के साथ-साथ संबंधित इलाकों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पुलिस की इस कार्रवाई में करीब 30 से 32 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है. तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिलने की भी सूचना है. हालांकि, बरामद दस्तावेजों की प्रकृति और उनकी संख्या को लेकर पुलिस की ओर से अब तक आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है.
पुलिस की पहली टीम ने राजा बाजार की मछली गली स्थित सुशीला रेजिडेंसी अपार्टमेंट में दबिश दी. यहां एसटीएफ और स्थानीय पुलिस के जवानों ने संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े लोगों के ठिकानों की तलाशी ली और उनसे संबंधित जानकारियां जुटायी.
दूसरी ओर, बोरिंग रोड की मोंटेसरी गली स्थित मेरिडियन अपार्टमेंट में भी पुलिस की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया. वहीं, पत्रकार नगर स्थित साईं कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट में एसटीएफ, साइबर पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच-पड़ताल की. तीनों स्थानों पर पुलिस की कार्रवाई का प्रमुख मकसद साइबर ठगी के नेटवर्क, उसके संचालन के तरीके और उससे जुड़े लोगों की भूमिका का पता लगाना बताया जा रहा है.
इसी बीच पाटलिपुत्र गोलंबर के पास भी एसटीएफ की टीम ने एक ठिकाने पर छापेमारी की. यह कार्रवाई डॉक्टर निगम प्रकाश के बगल में स्थित परिसर में की गई. यहां भी एसटीएफ के अधिकारी जांच में जुटे रहे. हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर साइबर ठगी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन ठिकानों से साइबर अपराध का संचालन किस स्तर पर हो रहा था और इसमें कितने लोग शामिल हैं.
फिलहाल, छापेमारी में मिले दस्तावेजों, हिरासत में लिए गए लोगों और संभावित गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है. जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पटना में फैले साइबर ठगी के इस नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा है और इसके तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं.
#STF #PatnaPolice #PatnaNews #BreakingNews #cibercrime #Bihar
Deoria, Deoria | Nov 19, 2026