*जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने किया सारण तटबंध का संयुक्त निरीक्षण*
=================
सारण, 26 अगस्त 2026
==================
जिलाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव तथा वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण श्री रौशन कुमार द्वारा आज संयुक्त रूप से सारण तटबंध के *किमी 40.00 से किमी 80.00 तक* का पूर्ण स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान *पानापुर, तरैया, अमनौर एवं मकेर* में तटबंध के आसपास चिन्हित आश्रय स्थलों एवं सामुदायिक किचेन हेतु चयनित स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान सभी संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल, छपरा, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान *सारण तटबंध वर्तमान में सुरक्षित* पाया गया। हालांकि, आक्रम्य स्थलों पर अधिक से अधिक संख्या में *सैंड बैग एवं अन्य कटाव निरोधी सामग्री* उपलब्ध रखने का निर्देश कार्यपालक अभियंता को दिया गया।
जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र में तटबंधों की *लगातार निगरानी* सुनिश्चित करें। साथ ही तटबंध के आसपास एवं नदी क्षेत्र की ओर रहने वाले लोगों को सतर्क करने के लिए *आज से ही लगातार माइकिंग* कराने तथा नदी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को उनके पशुओं सहित चिन्हित आश्रय स्थलों पर भेजना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
आश्रय स्थलों एवं सामुदायिक किचेन हेतु चयनित स्थलों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि *आदेश निर्गत कर प्रत्येक कर्मी की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से निर्धारित की जाए।* संबंधित वेंडर के चयन एवं भोजन की आपूर्ति से संबंधित सभी तैयारियां *आज ही पूर्ण* कर ली जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर सामुदायिक किचेन एवं आश्रय स्थलों के संचालन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को *पूरी सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्य करने* तथा संभावित बाढ़ की स्थिति में आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
Saharsa, Bihar | Aug 26, 2026