समरसता संकल्प यात्रा का चौथा चरण 18 नवंबर से, हरियाणा के आठ जिलों से गुजरेगी यात्रा : डॉ. अर्चना गुप्ता
: 25, 26 और 28 नवंबर को हरियाणा में रहेगी यात्रा, कुरुक्षेत्र में विशाल धर्मसभा, सोनीपत और फरीदाबाद में होंगे जिला स्तरीय कार्यक्रम
: जालंधर से काशी तक 18 दिवसीय यात्रा तय करेगी 2558 किलोमीटर का सफर
: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की अध्यक्षता में कुरुक्षेत्र में हुई राज्य स्तरीय कार्यशाला, तैयारियों पर गहन मंथन
: राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य समेत प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ पदाधिकारी हुए शामिल
: संतों, सामाजिक-धार्मिक संगठनों और समाज के प्रबुद्धजनों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर
डॉ. राजेश वधवा/ कुरुक्षेत्र।
संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के चौथे चरण का शुभारंभ 18 नवंबर से होगा। इसके अंतर्गत जालंधर से काशी तक निकाली जाने वाली समरसता संकल्प यात्रा 25, 26 और 28 नवंबर को हरियाणा के आठ जिलों से गुजरेगी। यात्रा के दौरान कुरुक्षेत्र में विशाल धर्मसभा तथा सोनीपत और फरीदाबाद में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ संतों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
शुक्रवार को कुरुक्षेत्र स्थित भाजपा जिला कार्यालय गीता कमल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की अध्यक्षता में समरसता संकल्प यात्रा की तैयारियों को लेकर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार, विपुल गोयल और कृष्ण बेदी, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा, प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता और गोपाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुर्जर तथा पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल सहित दस जिलों के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया।
लगभग दो घंटे चली इस कार्यशाला में यात्रा मार्ग से जुड़े जिलों के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा के स्वागत, जनसभाओं, सामाजिक सहभागिता, प्रचार-प्रसार तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से मंथन किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष को समरसता संकल्प अभियान के रूप में मना रही है। इसी क्रम में 18 नवंबर को डेरा सचखंड बल्लां, जालंधर से समरसता संकल्प यात्रा प्रारंभ होगी। यह 18 दिवसीय यात्रा लगभग 2558 किलोमीटर का सफर तय करते हुए गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, काशी में संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से गुजरने वाली इस यात्रा के दौरान 19 बड़ी धर्मसभाएं तथा 28 जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभिन्न स्थानों पर संतों, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और समाज के प्रबुद्धजनों को आमंत्रित किया जाएगा। यात्रा का उद्देश्य गुरु रविदास महाराज के सामाजिक समरसता, समानता, बंधुत्व और मानव कल्याण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।
25 नवंबर को हरियाणा में प्रवेश करेगी यात्रा, कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी संबोधित करेंगे विशाल धर्मसभा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि समरसता संकल्प यात्रा 25 नवंबर को सहारनपुर से यमुनानगर के रास्ते हरियाणा में प्रवेश करेगी। इसके बाद यात्रा अंबाला होते हुए कुरुक्षेत्र पहुंचेगी, जहां शाम चार बजे विशाल धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा। धर्मसभा को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी संबोधित करेंगे। हरियाणा की सीमा पर लगभग 500 मोटरसाइकिलों के साथ यात्रा के स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को यात्रा कुरुक्षेत्र से करनाल, पानीपत और सोनीपत होते हुए मेरठ की ओर प्रस्थान करेगी। इसके बाद 28 नवंबर को यात्रा दिल्ली से फरीदाबाद और पलवल होते हुए मथुरा की ओर रवाना होगी। कुरुक्षेत्र की विशाल धर्मसभा के अतिरिक्त सोनीपत और फरीदाबाद में भी जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि कुरुक्षेत्र में यात्रा के प्रस्थान से पूर्व स्वच्छता अभियान, अनुसूचित समाज के 150 से 200 प्रबुद्धजनों के साथ समरस संवाद तथा मंदिर में गुरु रविदास महाराज के चित्र की स्थापना एवं पूजन जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। यात्रा मार्ग में आने वाले महापुरुषों के स्मारकों और प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान का स्मरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक सद्भाव, समानता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यात्रा से समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने के लिए संतों, सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं, प्रबुद्धजनों और आम नागरिकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और आपसी समन्वय के साथ निर्वहन करें। कार्यशाला के दौरान प्रदेश और जिला स्तर पर यात्रा की तैयारियों, स्वागत कार्यक्रमों, जनसभाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारियां भी निर्धारित की गईं।
गुरु रविदास महाराज के बेगमपुरा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना यात्रा का उद्देश्य : लाल सिंह आर्य
राज्य स्तरीय कार्यशाला के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का जीवन और दर्शन सामाजिक समानता, न्याय, भाईचारे तथा मानव गरिमा का संदेश देता है। गुरु रविदास महाराज द्वारा परिकल्पित बेगमपुरा एक ऐसे आदर्श समाज की संकल्पना है, जहां किसी प्रकार का भय, भेदभाव या अन्याय न हो और प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान एवं अधिकार प्राप्त हों।
लाल सिंह आर्य ने कहा कि समरसता संकल्प यात्रा का प्रमुख उद्देश्य गुरु रविदास महाराज के इन्हीं महान विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना तथा सामाजिक समरसता की भावना को और अधिक मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गुरु रविदास महाराज की विरासत और विचारों को सम्मान देने के लिए विभिन्न पहल की गई हैं। मध्य प्रदेश के सागर स्थित बड़तूमा में संत रविदास मंदिर का निर्माण तथा हरियाणा के उमरी में प्रस्तावित स्थल का विकास भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
लाल सिंह आर्य ने बताया कि समरसता संकल्प अभियान के पहले चरण की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर काशी से की गई थी। इस दौरान 131 स्थानों से रथ रवाना किए गए और गुरु रविदास महाराज की जन्मभूमि की पवित्र मिट्टी को कलशों में एकत्रित कर विभिन्न स्थानों तक पहुंचाया गया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद देशभर में 51 हजार स्थानों पर समरसता दीप अभियान के अंतर्गत दीपोत्सव आयोजित किए गए। संत संपर्क अभियान के माध्यम से भी संत समाज और सामाजिक-धार्मिक संगठनों के साथ संवाद स्थापित किया गया। अब अभियान के चौथे चरण में समरसता संकल्प यात्रा निकाली जा रही है, जिसके माध्यम से गुरु रविदास महाराज के समानता, सामाजिक न्याय, बंधुत्व और समरसता के संदेश को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
Thanesar, Kurukshetra | Nov 13, 2026