साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर पुलिस लाइन में समीक्षा गोष्ठी आयोजित
मऊ। पुलिस लाइन सभागार में शनिवार को साइबर थाना एवं साइबर सेल द्वारा संचालित कार्यों की समीक्षा के लिए गोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने की।
गोष्ठी में साइबर थाना, साइबर सेल के प्रभारी तथा विभिन्न थानों पर साइबर संबंधी कार्यों का दायित्व संभाल रहे कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों एवं मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गोष्ठी में साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।