पिछोर: भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर, गुरुकुदवाया में घरों और स्कूल में घुसा पानी
पिछोर। शिवपुरी जिले के पिछोर तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गुरुकुदवाया में देर रात हुई तेज बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर आ गए। लगातार बारिश के चलते गांव के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई है।
जानकारी के अनुसार, बारिश का पानी लोगों के घरों और स्कूल परिसर में भर गया, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव में आवागमन भी प्रभावित होने की सूचना है।
भारी बारिश के कारण स्थानीय नदी-नालों में पानी का बहाव तेज हो गया है। ग्रामीणों में जलभराव और आवागमन को लेकर चिंता बनी हुई है। प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेकर आवश्यक राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग की जा रही है।
पिछोर क्षेत्र में लगातार बारिश को देखते हुए ग्रामीणों से नदी-नालों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की जाती है।