भाजपा महिला मोर्चा की जिला प्रधान बनी शकुंतला प्रधान, देव नगर में सम्मान समारोह आयोजित
पार्टी ने जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी तरह खरी उतरेंगी : जिला प्रधान शकुंतला प्रधान
चारों विधानसभाओं की महिला कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को जमीनी स्तर पर करेंगी मजबूत : शकुंतला प्रधान
भिवानी, 24 नवंबर : भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए शकुंतला प्रधान को भाजपा महिला मोर्चा भिवानी का जिला प्रधान नियुक्त किया है। उनकी इस नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह है। भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त जिला प्रधान शकुंतला प्रधान के सम्मान में मंगलवार को स्थानीय देव नगर स्थित उनके आवास पर स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय कार्यकर्ताओं और महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष नविता तंवर, महिला मोर्चा पूर्व जिला अध्यक्ष चंदा गुप्ता, अधिवक्ता राजबाला श्योराण, सज्जन कौर, डा. मधु कौशिक, सुनीता, दर्शना तंवर, सीमा शेखावत, वीना तंवर, पूजा खरक, गीता, सुमन, नीलम, ज्योति, प्रकाश ठेकेदार, राजेश डॉक्टर, पूर्व सरपंच विजय धारेडू सहित अनेक लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर अपनी नियुक्ति पर खुशी जाहिर करते हुए शकुंतला प्रधान ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रभारी स्मृति ईरानी, प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रिचा पाहवा, जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, विधायक घनश्याम सर्राफ सहित शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरी उतरेंगी। शकुंतला प्रधान ने कहा कि वे पूरी ईमानदारी और लगन के साथ अपनी इस नई जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिले की चारों विधानसभाओं की महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा पार्टी के दिशा-निर्देशों के अनुसार जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य भाजपा की महिला हितैषी नीतियों को तेजी व मजबूती से प्रत्येक महिलाओं तक पहुंचाना रहेगा, ताकि वे उन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने परिवार व देश की मजबूती में अपना योगदान दे सकें।