बाजपुर न्यूज़,
नगर पालिका कर्मचारियों की जायज़ मांगों को लेकर कैबिनेट मंत्री से मिले राजेश कुमार,
अनशनकारी सीताराम तिवारी से कराई दूरभाष पर वार्ता
देहरादून। पूर्व भाजपा विधानसभा प्रत्याशी राजेश कुमार ने बाजपुर नगर पालिका के कर्मचारियों के चल रहे आमरण अनशन के संबंध में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट एवं शहरी विकास मंत्री श्री राम सिंह खैडा जी से भेंट कर कर्मचारियों की जायज़ मांगों को प्रमुखता से उठाया तथा उनका ध्यान इस गंभीर विषय की ओर आकर्षित कराया।
राजेश कुमार ने मंत्री से आग्रह किया कि वे अनशनकारी एवं समाजसेवी श्री सीताराम तिवारी जी से सीधे दूरभाष पर वार्ता कर कर्मचारियों की समस्याओं को सुनें। मंत्री श्री राम सिंह खैरा ने उनके आग्रह को स्वीकार करते हुए तत्काल श्री सीताराम तिवारी जी से दूरभाष पर बातचीत की और पूरे प्रकरण की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर राजेश कुमार ने कहा कि नगर पालिका कर्मचारी अपनी जायज़ मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्षरत हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार कर्मचारियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ देखते हुए शीघ्र सकारात्मक एवं न्यायोचित निर्णय लेगी।
राजेश कुमार ने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि कर्मचारियों की सभी जायज़ मांगों का शीघ्र समाधान हो, आंदोलन का सम्मानजनक अंत हो तथा सभी कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पुनः पूरी निष्ठा के साथ कर सकें।