यात्रियों का बस अड्डा बना नशेड़ियों का अड्डा
केलाखेड़ा नगर पंचायत सवालों के घेरे में
केलाखेड़ा। नगर पंचायत क्षेत्र का मुख्य बस अड्डा इन दिनों बदहाल स्थिति में है। स्थानीय लोगों और यात्रियों का आरोप है कि बस अड्डा नशेड़ियों का अड्डा बनता जा रहा है, जिससे यात्रियों, महिलाओं और बच्चों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
बस अड्डे पर जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त और साफ व्यवस्था नहीं है। वहीं, पेयजल की भी समुचित सुविधा उपलब्ध नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पंचायत को कई बार इस समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से बस अड्डे की नियमित सफाई, पेयजल की व्यवस्था, बैठने की पर्याप्त सुविधा और असामाजिक तत्वों पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके।