#सफलता_की_कहानी
➡️ सौर ऊर्जा से ग्राम उत्तरी के आदिवासी बाहुल्य ढानों में पहुंचा घर-घर पेयजल
➡️ 760 ग्रामीणों को जल संकट से मिली राहत
जिला मुख्यालय से करीब 95 किलोमीटर दूर विकासखंड भीमपुर की ग्राम पंचायत डोडाजाम के ग्राम उत्तरी एवं इसके बर्राढाना, गोरुढाना और पटेलढाना में लंबे समय से पेयजल संकट की समस्या बनी हुई थी। आदिवासी बाहुल्य इन ढानों के करीब 760 ग्रामीण पेयजल एवं निस्तारी जल के लिए कुएं, नदी, झिरिया तथा गांव में स्थापित दो हैंडपंपों पर निर्भर थे। गर्मी के मौसम में जलस्तर नीचे जाने से ग्रामीणों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ता था।
पानी की व्यवस्था में ग्रामीण महिलाओं के साथ विद्यार्थियों का भी काफी समय व्यतीत होता था। इसके कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती थी। वहीं मजदूर वर्ग को भी पानी के इंतजाम में समय लगने से मजदूरी एवं अन्य कार्यों के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता था। गांव में विद्युत सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण सामान्य नल-जल योजना स्थापित करना भी चुनौतीपूर्ण था। साथ ही अधिक गहराई पर जलस्तर होने से हैंडपंप स्थापित करना भी संभव नहीं था।
➡️ सौर ऊर्जा से पेयजल योजना का निकाला समाधान
वर्ष 2024 की गर्मी में जल संकट गंभीर होने पर ग्रामीणों की समस्या विभाग एवं जिला प्रशासन के संज्ञान में आई। कलेक्टर डॉ.सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री, उपयंत्री तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने समन्वय से समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य प्रारंभ किया।
विद्युत व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के कारण सौर ऊर्जा तकनीक के माध्यम से पेयजल योजना स्थापित करने का निर्णय लिया गया। पीएचई विभाग द्वारा ग्राम में बोर किया गया, जो असफल रहा। इसके बाद दूसरे स्थान पर बोर करने पर सफलता मिली। बोर में सोलर प्लेट के माध्यम से 7.5 एचपी की मोटर स्थापित कर जल का परीक्षण किया गया। जल पीने योग्य पाए जाने के बाद ग्राम एवं सभी ढानों में पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया गया।
➡️ घर-घर निजी नल कनेक्शन से पहुंच रहा पानी
योजना के तहत प्रत्येक घर में निजी नल कनेक्शन देकर पेयजल पहुंचाने का कार्य प्रगतिरत है। सौर ऊर्जा आधारित इस व्यवस्था से अब ग्रामीणों को दूर-दराज के जलस्रोतों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे महिलाओं और मजदूरों का समय बचेगा तथा बच्चों को पढ़ाई के लिए अधिक समय मिल सकेगा। ग्राम के मुंगीलाल, हिरालाल, केंडे तुमला और बालाजी धाकु ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वे पेयजल की सुविधा मिलने से अत्यंत प्रसन्न और संतुष्ट हैं। ग्राम देवठान के राहुल राठौर, अवताज आर्य ने बताया कि पहले दूर से पानी लाना पड़ता था, अब हर घर में सुविधा हो गई है। अब स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। इसके लिए ग्रामीणों ने कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे एवं विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Public Health Engineering, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
67 views | Betul, Madhya Pradesh | Sep 20, 2026