प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के लाभुकों को केंद्र के साथ बिहार सरकार की अतिरिक्त सब्सिडी का लाभ
मुजफ्फरपुर, 22 सितंबर 2026।
प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत रूफटॉप सोलर लगाने वाले उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही अधिकतम ₹78,000 की सब्सिडी के अतिरिक्त बिहार सरकार द्वारा ₹10,000 प्रति किलोवाट तथा अधिकतम ₹20,000 की अतिरिक्त राज्य सब्सिडी प्रदान की जा रही है।
इसी क्रम में आज दिनांक 22 सितंबर 2026 को माननीय मुख्यमंत्री द्वारा ऑनलाइन माध्यम से प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत लाभुकों के खाते में राज्य सरकार की अतिरिक्त सब्सिडी के हस्तांतरण एवं मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना के शुभारंभ का कार्यक्रम आयोजित किया गया। ऊर्जा विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार यह कार्यक्रम अपराह्न 4:00 बजे आयोजित किया गया।
इस अवसर पर जिला सभागार, मुजफ्फरपुर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, माननीय विधायकगण, विद्युत विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के लाभुक उपस्थित रहे।
मुजफ्फरपुर जिले में अब तक लगभग 2,251 उपभोक्ताओं के परिसरों पर प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इनमें से लगभग 2,000 उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार की सब्सिडी के अतिरिक्त बिहार सरकार की राज्य सब्सिडी का लाभ दिया जा चुका है। राज्य सरकार की ओर से दी जा रही अतिरिक्त सहायता से मुजफ्फरपुर जिले के लाभुकों को लगभग ₹4 करोड़ की अतिरिक्त सब्सिडी का लाभ प्राप्त हुआ है।
शेष लाभुकों को भी मिलेगा राज्य सब्सिडी का लाभ
जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जिन अन्य पात्र उपभोक्ताओं के परिसरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित हो चुके हैं और जिन्हें अभी तक बिहार सरकार की अतिरिक्त सब्सिडी की राशि प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें भी समय-समय पर राज्य सरकार द्वारा ₹10,000 प्रति किलोवाट की दर से अधिकतम ₹20,000 तक की अतिरिक्त सब्सिडी प्रदान की जाएगी। इससे योजना के अंतर्गत स्थापित सभी पात्र रूफटॉप सोलर संयंत्रों के लाभुकों को राज्य सरकार की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि का लाभ मिल सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से आम उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को रूफटॉप सोलर से जोड़ना, उनकी बिजली संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करना तथा विद्युत व्यय को कम करना है।
माननीय मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि 125 यूनिट से अधिक विद्युत खपत होने की स्थिति में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार उपभोक्ताओं को आगे की विद्युत खपत पर भी वित्तीय लाभ प्राप्त होगा। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना से जुड़े पात्र उपभोक्ताओं को भी इस व्यवस्था का लाभ मिलेगा।
जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना को जिले के अधिकाधिक परिवारों तक पहुंचाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार की संयुक्त सब्सिडी तथा रूफटॉप सोलर से मिलने वाले दीर्घकालिक लाभ के प्रति आम उपभोक्ताओं में भी उत्साह बढ़ रहा है।
मुजफ्फरपुर में प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के सफल क्रियान्वयन के साथ अधिकाधिक घरों को स्वच्छ एवं सस्ती सौर ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में विद्युत विभाग लगातार कार्यरत है।
Narendra Modi
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Energy Department, Bihar