गोरस आये यूपी गौसेवा आयोग के अध्यक्ष, पशुपालको से की चर्चा
-----
उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री श्याम बिहारी गुप्ता द्वारा आज श्योपुर जिले के आदिवासी विकासखण्ड कराहल के ग्राम गोरस में आयोजित संवाद कार्यक्रम के माध्यम से पशुपालकों एवं दुग्ध उत्पादकों के साथ चर्चा की गई। कार्यक्रम में यूपी गौसेवा आयोग के अध्यक्ष श्री गुप्ता ने गिर नस्ल की गायों के संरक्षण, संवर्धन एवं नस्ल सुधार के संबंध में पशुपालकों से विस्तृत चर्चा की तथा गिर गाय पालन से होने वाले लाभों की जानकारी दी।
इस अवसर पर गौपाल गौशाला श्योपुर के अध्यक्ष श्री कैलाश नारायण गुप्ता, उप संचालक पशुपालन विभाग डॉ सुभाष बाबू दौहरे, डॉ. प्रदीप कुमार निगम, डॉ. मनोज कुमार, श्री धर्मेंद्र अर्गल सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा पशुपालक उपस्थित रहें। इसके पूर्व उत्तरप्रदेश गौसेवा आयोग के अध्यक्ष श्री गुप्ता के ग्राम गोरस पहुंचने पर पशुपालको एवं पशुपालन विभाग द्वारा स्वागत किया गया।
यूपी गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्री गुप्ता ने इस दौरान पशुपालकों से गिर गाय के पालन, दुग्ध उत्पादन, नस्ल संवर्धन तथा गौवंश के संरक्षण से संबंधित विषयों पर संवाद किया। उन्होंने पशुपालकों को उन्नत नस्ल के पशुओं के पालन के साथ-साथ वैज्ञानिक पशुपालन अपनाकर अपनी आय में वृद्धि करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उपसंचालक डॉ. सुभाष बाबू दोहरे द्वारा विभाग में संचालित विभिन्न विभागीय गतिविधियों, योजनाओं एवं पशुपालकों के हित में उपलब्ध कराई जा रही पशु चिकित्सा एवं अन्य सेवाओं के संबंध में उपस्थित पशुपालकों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक एवं पशुपालक उपस्थित रहे। पशुपालकों द्वारा गिर गाय के संरक्षण एवं संवर्धन तथा पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय बनाने के संबंध में अपनी जिज्ञासाएं एवं सुझाव भी साझा किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य पशुपालकों को उन्नत नस्ल के गौवंश के संरक्षण-संवर्धन के प्रति जागरूक करना तथा वैज्ञानिक एवं लाभकारी पशुपालन के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में अंत में पशुपालन विभाग की ओर से आयोग अध्यक्ष श्री गुप्ता को स्मृति चिन्ह भेट किया गया।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur