*मानव सेवा अपनाघर आश्रम में 34 प्रभुजनों का स्वास्थ्य परीक्षण*
मनोरोग चिकित्सक ने किया परीक्षण, नर्सिंग टीम ने की आवश्यक स्वास्थ्य जांच
विजयनगर /भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल 25 नवंबर 2026 मानव सेवा अपनाघर आश्रम, विजयनगर में निवासरत 34 प्रभुजनों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान अमृतकौर चिकित्सालय, ब्यावर के मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. अनिरुद्ध भार्गव ने प्रभुजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी मानसिक एवं शारीरिक स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
वहीं राजकीय चिकित्सालय, विजयनगर के नर्सिंग स्टाफ रहमान एवं रदिया भानु द्वारा प्रभुजनों की ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, वजन एवं शरीर के तापमान की जांच की गई। साथ ही उनके स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दर्ज की गई।
इस अवसर पर आश्रम अध्यक्ष मधुसूदन कानोड़िया, सचिव विजय गुप्ता, आजीवन सदस्य कार्तिक शर्मा एवं सेवासाथी पवन तथा राजू कुमावत उपस्थित रहे।
आश्रम पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन, CMHO ब्यावर डॉ. अनिरुद्ध भार्गव, अमृतकौर चिकित्सालय एवं राजकीय चिकित्सालय, विजयनगर की नर्सिंग टीम का सहयोग एवं सेवाभाव के लिए आभार व्यक्त किया।
आश्रम प्रबंधन ने बताया कि आश्रम में निवासरत जरूरतमंद एवं असहाय प्रभुजनों को आश्रय, भोजन एवं देखभाल के साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर चिकित्सकीय परीक्षण एवं आवश्यक उपचार की व्यवस्था की जाती है। यह सेवा कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेगा।