बछवाड़ा प्रखंड मुख्यालय के सभागार में बुधवार को पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख सुधाकर मेहता ने की, जबकि संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार ने किया। बैठक के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सहायक विद्युत अभियंता की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए विद्युत कनीय अभियंता को सदन से बाहर जाने का आदेश दिया, जिसके बाद बैठक की कार्यवाही शुरू हुई। पंसस सिकंदर कुमार ने बताया कि बाढ़ के दौरान रानी एक पंचायत स्थित झमटिया के लोगों को अपने मवेशियों के साथ गुप्ता बांध, प्रखंड मुख्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में खुले आसमान के नीचे रहना पड़ता है। उन्होंने ऐसी स्थिति में उन्हें तिरपाल, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने की मांग की। उन्होंने ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछवाड़ा में अल्ट्रासाउंड और दंत चिकित्सक की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि इससे लोगों को निजी केंद्रों से अल्ट्रासाउंड कराने की समस्या से निजात मिल सकेगी। उन्होंने रानी एक पंचायत में तीन जर्जर सड़कों का मुद्दा भी उठाया। इनमें मल्लिक ढाला से झमटिया गांव होते हुए थाना रोड, नारेपुर बाजार से थाना रोड होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग 28 और बैंक बाजार स्थित स्टेशन रोड से सुरेश साह के घर तक जोड़ने वाली सड़कें शामिल हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से इस पर तत्काल पहल करने की बात कही। पंसस मिथिलेश कुमार ने दादुपुर पंचायत के हाई स्कूल और मिडिल स्कूल की जमीन पर आम लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण को मुक्त कराने की मांग की। उन्होंने राशन कार्ड बनवाने में आ रही समस्याओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने ने आरोप लगाया कि गरीब लोगों के ऑनलाइन आवेदन रद्द कर दिए जाते हैं यदि वे 'नजराना' देने में सक्षम नहीं होते, जबकि नजराना देने वालों के कार्ड बन जाते हैं। मिथिलेश कुमार ने दादुपुर पंचायत के रानी टोल दियारे विद्यालय में छात्रों के अनुपात में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आवश्यकतानुसार शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति और छात्रों को मेनू के हिसाब से मध्याह्न भोजन नहीं दिए जाने की शिकायत की। उन्होने गोविंदपुर तीन पंचायत का चर्चा करते हुए कहा कि विद्यालय की जमीन रहते हुए विद्यालय को दुसरे विद्यालय में मर्ज कर दिया गया। जबकि उस गांव के छात्रों को पठन पाठन के लिए दुसरे गांव जाना पड़ता है। वही विद्यालय के नाम से भुमी को कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है, उस विद्यालय के जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए विद्यालय निर्माण को लेकर प्रस्ताव में लिया जाय। साथ ही गोविंदपुर तीन पंचायत स्थित भुथरी ठाकुरबाड़ी में हो रहे चारदीवारी का निर्माण सड़क की जमीन पर किया जा रहा है, जिस पर रोक लगाया जाए। पंसस कमल पासवान ने सदन में सवाल उठाते हुए कहा कि वर्षों से बछवाड़ा में आधार सेंटर बंद है, जिसकी चर्चा पिछले सदन में भी की गई थी, लेकिन आज तक चालू नहीं किया गया। जिसे अभिलंब संज्ञान में लेते हुए बंद पड़े आधार सेंटर को संचालित कराया जाए। उन्होंने शिक्षा विभाग पर सवाल उठाते हुए कहा कि विद्यालय में शिक्षक के द्वारा रूटीन के हिसाब से पढ़ाई नहीं कराई जाती है और छात्रों की उपस्थिति से अधिक एमडीएम का रिपोर्ट भेजा जाता है, शिक्षकों पर आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षक अपना उपस्थिति बनाने के बाद विद्यालय से बाहर चले जाते हैं। साथ ही, आंगनबाड़ी केंद्रों में मनमानी की जाती है और सेविका के गृह क्षेत्र नहीं रहने के बावजूद अन्य जिलों से आकर ड्यूटी करती हैं। चिरंजीवीपुर पंचायत के मुखिया प्रभात कुमार ने लोगों के द्वारा सड़क अतिक्रमण किए जाने पर नाराजगी जताई और वाहनों के आवागमन में परेशानी होने की बात कही। साथ ही, वासगीत पर्चा वितरण के दौरान एक से दो डिसमिल जमीन मिलने पर भूमिहीनों की परेशानी तथा आंगनवाड़ी निजी भवन में चलने का मुद्दा उठाया। मुखिया संजय दास ने कृषि विभाग पर सवाल उठाते हुए कहा कि कृषि समन्वयक के मनमानी से किसान निराश हैं, जो कृषि समन्वयक के नजदीकी है उन्हे अधिक लाभ मिलता है और जो किसान है, लेकिन समन्वयक से सम्पर्क नहीं है, उन्हे लाभ नहीं मिल पाता है। उन्होंने कहा कि एनओसी नहीं मिलने के कारण चमथा एक पंचायत में उपस्वास्थ्य केंद्र की स्थापना नहीं हो सकी, प्राइवेट भवन में केन्द्र चलाया जा रहा है। उन्होंने ने कहा प्राथमिक विद्यालय बिंद टोल में भवन जर्जर हो चुका है और कभी भी कोई हादसा हो सकता है। इसलिए शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और प्रखंड प्रमुख विद्यालय की स्थिति का अवलोकन कर विद्यालय में भवन निर्माण कराने को लेकर प्रस्ताव में लिया जाय। भीखमचक मुखिया रामदेव सहनी ने कहा कि विद्यालय का जमीन अतिक्रमण किया गया है, जिसे मापी कर विद्यालय को अतिक्रमण मुक्त कराया जाय। उन्होने कहा कि विभिन्न समस्याओं को लेकर आम लोगों के द्वारा सहयोग शिविर में आवेदन दिया गया, लेकिन आज तक एक भी शिकायत का निवारण नहीं किया गया। फतेहा पंचायत की मुखिया उषा देवी ने सदन में डिग्री कॉलेज के निर्माण के लिए चार बीघा जमीन देने की बात कही एवं बछवाड़ा पंचायत की मुखिया कल्पना कुसुम ने जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारियों के बीच सामंजस के साथ जनमानस की समस्याओं पर पहल करने की बात की। प्रखंड प्रमुख सुधाकर मेहता ने कहा कि शिक्षा समिति के माध्यम से विद्यालय में होने वाली असुविधा की जांच जनप्रतिनिधियों के द्वारा किया जाय। विद्यालय में किसी प्रकार की गड़बड़ी पायी जाती है तो वैसी स्थिति में विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों पर विभागीय कार्यवाही की जाएगी। वही प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ अमित कुमार ने कहा कि पंसस की बैठक में उपस्थित नहीं होने वाले पदाधिकारी पर कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों के सहयोग से आम लोगों के समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई की बात कही। मौके पर अंचलाधिकारी प्रीतम गौतम, पंचायती राज पदाधिकारी विश्वनाथ कुमार, उप प्रमुख धर्मेंद्र यादव, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मनोज कुमार, बिस्कोमान प्रभारी शैलेश कुमार, श्रम परिवर्तन पदाधिकारी झुना भंडारी, कार्यक्रम पदाधिकारी मिथिलेश कुमार, शिक्षा पदाधिकारी संजीव कुमार यादव, पशु चिकित्सक डॉ आकाश दीप, रानी एक पंचायत की मुखिया गीता देवी, पंसस सरस्वती देवी समेत विभिन्न विभाग के पदाधिकारी और पंसस एवं मुखिया मौजूद रहे।
Bachhwara, Begusarai | Aug 19, 2026