• कुबेरेश्वर धाम पर कांवड़ यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न
• कलेक्टर-एसपी के कुशल मार्गदर्शन, माइक्रो प्लानिंग और धाम समिति के समन्वय से यात्रा रही सुचारू
• कलेक्टर-एसपी ने किया निरंतर निरीक्षण
सीहोर के कुबेरेश्वर धाम में आयोजित कांवड़ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई। देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ लेकर सीवन नदी घाट पहुंचे और वहां से पवित्र जल लेकर कुबेरेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। पूरे आयोजन के दौरान कांवड़ यात्रा सुचारू रूप से संचालित हुई और किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न नहीं हुआ।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना के कुशल मार्गदर्शन में यात्रा के लिए पूर्व से ही विस्तृत माइक्रो प्लानिंग तैयार की गई थी। कुबेरेश्वर धाम समिति के साथ लगातार समन्वय रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की गईं। इसी सुव्यवस्थित कार्ययोजना का परिणाम रहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा।
कांवड़ यात्रा के सुचारू संचालन के लिए प्रशासनिक अमला पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करता रहा। शासकीय अमले को दो दिन पहले ही विभिन्न व्यवस्थाओं और निर्धारित स्थलों पर दायित्व सौंप दिए गए थे। अधिकारी-कर्मचारियों ने अपने दायित्वों को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ निभाया तथा पूरे आयोजन के दौरान लगातार ड्यूटी पर तैनात रहे।
यात्रा मार्ग और कुबेरेश्वर धाम पर मेडिकल कैंप, सहायता केन्द्र, कंट्रोल रूम, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने श्रद्धालुओं को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। सहायता केन्द्रों के माध्यम से श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन एवं सहयोग दिया गया। कंट्रोल रूम से पूरे आयोजन की सतत निगरानी की गई, जबकि पुलिस एवं प्रशासन की टीमों ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार कार्य किया।
पार्किंग स्थलों पर वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित की गई और श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था रही। साफ-सफाई व्यवस्था के लिए संबंधित अमला पूरे समय सक्रिय रहा। प्रशासन द्वारा मार्ग एवं आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की गई, जिससे श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो इसके लिए भी अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया गया और निरंतर मॉनिटरिंग की गई।
कुबेरेश्वर धाम समिति के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों तथा प्रशासनिक अमले के सतत समन्वय से यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुई। समिति के स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं की सहायता, मार्गदर्शन और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कांवड़ यात्रा का सफल आयोजन प्रशासन, पुलिस, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों, कुबेरेश्वर धाम समिति, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं के आपसी समन्वय का परिणाम रहा। प्रशासन की समर्पित टीम ने पूरी तत्परता और सेवा भाव के साथ दायित्व निभाते हुए यह सुनिश्चित किया कि कुबेरेश्वर धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हो।
कलेक्टर-एसपी ने किया निरंतर निरीक्षण
कांवड़ यात्रा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर श्री बालागुरू के. और एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने निरंतर कुबेरेश्वर धाम, सीवन नदी चौराहा, यात्रा मार्ग और रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया तथा सभी व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग की। इसी क्रम में यात्रा संपन्न होने के बाद कलेक्टर-एसपी रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा से अपने घरों को वापस लौट रहे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सभी अधिकारी-कर्मचारी मुस्तैद रहें और रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड पर श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम वापसी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore
4 views | Sehore, Madhya Pradesh | Aug 25, 2026