#बालाघाट
महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव जी.व्ही. रश्मि ने बीमारी प्रभावित ग्रामों का किया भ्रमण
आंगनवाड़ी एवं स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण, पोषण के साथ स्वच्छता एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के दिए निर्देश
महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती जी.व्ही. रश्मि ने गुरुवार को जिले के बीमारी से प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बैहर एवं बिरसा विकासखंड के चिन्हित ग्रामों का दौरा कर आंगनवाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उनके साथ महिला एवं बाल विकास विभाग संचालनालय भोपाल की टीम भी मौजूद रही। टीम में संयुक्त संचालक श्री स्वर्णिम शुक्ला एवं उपसंचालक श्री गोविंद रघुवंशी शामिल रहे।
प्रमुख सचिव श्रीमती रश्मि ने बैहर विकासखंड के ग्राम लूद स्थित आंगनवाड़ी केंद्र तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिठली का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, परिसर को साफ रखने तथा बच्चों एवं ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता बताई।
इसके बाद उन्होंने बिरसा विकासखंड के ग्राम घुम्मुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती रेखा धुर्वे से बच्चों के खान-पान, पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण एवं पोषण ट्रैकर एप पर दर्ज की जा रही जानकारी के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कार्यकर्ता को निर्देशित किया कि चिन्हित कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की विशेष निगरानी की जाए तथा आवश्यकता होने पर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में भर्ती कराया जाए। उन्होंने बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर
प्रमुख सचिव श्रीमती रश्मि ने कहा कि बीमारी से प्रभावित ग्रामों में स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं के साथ स्वच्छता और साफ-सफाई की व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जाए। आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूलों, छात्रावासों एवं सामुदायिक स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। घरों के आसपास गंदा पानी जमा न होने देने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा स्वच्छ पेयजल के उपयोग के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जाए। उन्होंने बच्चों एवं परिवारों में हाथ धोने, साफ-सुथरा भोजन करने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता की आदतों को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।
बैगा महिलाओं से की चर्चा, साझा चूल्हा व्यवस्था की ली जानकारी
प्रमुख सचिव श्रीमती जी.व्ही. रश्मि ने ग्राम कुंडेकसा पहुंचकर बैगा महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं से उनके रहन-सहन, खान-पान एवं दैनिक दिनचर्या के बारे में जानकारी ली और उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया। उन्होंने कुंडेकसा में संचालित सामुदायिक रसोईघर एवं साझा चूल्हा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने रसोइया एवं आंगनवाड़ी सहायिका से चर्चा कर भोजन व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं तथा उनके सामने आ रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने रसोईघर में भी स्वच्छता, साफ-सफाई एवं भोजन तैयार करने के दौरान स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
प्रमुख सचिव ने प्रभावित क्षेत्रों में बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने के साथ-साथ स्वच्छता एवं साफ-सफाई को बीमारी की रोकथाम का महत्वपूर्ण माध्यम मानते हुए सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने की आवश्यकता बताई। भ्रमण के दौरान बैहर एसडीएम श्री अर्पित गुप्ता, संयुक्त संचालक श्रीमती मनीषा लुंबा एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेन्द्र सुन्द्रियाल सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं मैदानी अमला उपस्थित रहा।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #WelfareTribal #mp_wcdmp #healthminmp #foodsuppliesm
24 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 21, 2026