बेतिया में जनसुनवाई के दौरान DM तरनजोत सिंह ने सुनीं 86 शिकायतें, अधिकारियों को त्वरित निष्पादन के निर्देश...
पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे आम लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे और जिलाधिकारी के समक्ष सीधे अपनी समस्याएं रखीं। इनमें शेख नेजामुद्दीन, राधाकृष्ण कुमार, मनोरमा देवी, पुष्पा कुमारी, चन्द्रेश्वर मिश्रा, मुन्नी कुमारी, रामजी राउत, मुन्नी देवी सहित कई अन्य लोग शामिल रहे। जनसुनवाई के दौरान कुल 86 मामलों की सुनवाई की गई। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों की जानकारी ली। कई शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, भूमि विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली आपूर्ति, पेयजल, सड़क निर्माण एवं मरम्मत समेत अन्य समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। फरियादियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शिकायतों के निपटारे में अनावश्यक विलंब नहीं करने और फरियादियों को समय पर राहत उपलब्ध कराने पर जोर दिया। जनसुनवाई कार्यक्रम राज्य सरकार के ‘सात निश्चय-3’ के तहत संचालित ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ अभियान का हिस्सा है। अभियान का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित समाधान कर प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना है। जनसुनवाई के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है।
#champaran24news #districtadministrationwestchamparan #viralreelschallenge #reelsviral #viralvideochallenge