Bihar news : आठ किलो की पीली धातु की भगवान बुद्ध की प्रतिमा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार। 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल नरकटियागंज के मांगुराहा समवाय और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई 17 सितंबर 2026 की शाम करीब 6:45 बजे अंतरराष्ट्रीय सीमा संख्या 441 से भारतीय क्षेत्र में सैनिक रोड के पास की गई। एसएसबी के निरीक्षक सामान्य अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में जवान और गौनाहा पुलिस की टीम रात्रि गश्ती कर रही थी। इसी दौरान मांगुराहा सैनिक रोड की ओर से स्कूटी पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। संदेह के आधार पर दोनों को रोककर स्कूटी की तलाशी ली गई। सीट के नीचे रखे एक थैले से पीली धातु से निर्मित भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा बरामद हुई। प्रतिमा का वजन लगभग 7.705 किलोग्राम बताया गया है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान साहिद अंसारी (40), पिता शकूर अंसारी, निवासी कंगहुसरी, थाना रामनगर तथा सुद्दू खान (30), पिता मकसूद मियां, निवासी सबुनी, थाना रामनगर, पश्चिम चंपारण के रूप में हुई है। 44वीं बटालियन के कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी ने बताया कि दोनों आरोपित प्रतिमा को बेचकर मोटी रकम कमाने की फिराक में थे। बरामद प्रतिमा, स्कूटी और मोबाइल के साथ दोनों आरोपितों को आगे की कार्रवाई के लिए गौनाहा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।#WestChamparan #Gaunaha #Manguraha #SSB #BiharPolice #GautamBuddha #BuddhaStatue #Smuggling #SmugglersArrested #BorderSecurity #IndoNepalBorder #Narkatiaganj #BiharNews #WestChamparanNews #BreakingNews #CrimeNews #Seizure #SSB44Battalion #YesBihar
Bettiah, West Champaran | Sep 18, 2026