21 वर्ष की उम्र में बीपीएससी पास कर बीडीओ बनी मधुबाला, सूर्यपुरा में हुआ सम्मान
विजन डिजिटल लाइब्रेरी, सूर्यपुरा के संचालक अजय राज की साले की बेटी तथा डुमरांव निवासी मधुबाला ने महज 21 वर्ष की उम्र में पहली ही कोशिश में 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर बीडीओ पद के लिए चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर स्थानीय द जीएल पब्लिक स्कूल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अध्यक्षता अजय सिंह कुशवाहा ने किया। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सूर्यपुरा बीडीओ तेज बहादुर सुमन शामिल हुए। उन्होंने मधुबाला को सम्मानित करते हुए उनकी सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, स्थानीय बुद्धिजीवी एवं गणमान्य लोगों ने मधुबाला को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि कम उम्र में पहली ही कोशिश में बीपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त करना बड़ी उपलब्धि है। मधुबाला की सफलता से क्षेत्र के विद्यार्थियों में भी उत्साह का माहौल है।