चंबल की रेत रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर माफिया का हमला, दो वनरक्षक घायल
श्योपुर। चंबल नदी से अवैध रेत परिवहन रोकने पहुंची राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य की टीम पर गुरुवार को रेत माफिया ने हमला कर दिया। बदमाशों ने सरकारी वाहन को टक्कर मारकर पलटने की कोशिश की और लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला कर जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ा ले गए।
हमले में वनरक्षक महेश बघेल और रामलखन गुर्जर घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली पुलिस ने पांच आरोपियों वीरेंद्र रावत, लवकुश रावत, महेश रावत, रूपसिंह राजौरिया और राजेंद्र रावत के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
वहीं, शहर में सीसीटीवी कैमरे और रेत रोकने के लिए चौकियां होने के बावजूद नए बायपास और कॉलेज के पीछे से अवैध रेत परिवहन जारी है। इससे निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।