चुनाव परिणाम के बाद शिक्षकों की एकजुटता को लेकर समीक्षा बैठक, ‘शिक्षक जागृति वैचारिक एवं संवाद मंच’ का हुआ गठन
शिक्षकों के अधिकार, सम्मान एवं सेवा-सुरक्षा की लड़ाई को मिलेगी नई धार; श्याम नंदन कुमार यादव ने शिक्षकों की आवाज बुलंद करने का लिया संकल्प**
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद चुनावी परिदृश्य की समीक्षा, शिक्षकों की समस्याओं पर विमर्श तथा भविष्य की रणनीति निर्धारित करने के उद्देश्य से पूर्व जन सुराज विधान पार्षद प्रत्याशी श्याम नंदन कुमार यादव के आवास पर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में तिरहुत प्रमंडल के विभिन्न जिलों से आए शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें विभिन्न शिक्षक संगठनों एवं सभी संवर्गों के शिक्षकों की उपस्थिति रही।
बैठक का मुख्य उद्देश्य चुनाव परिणाम का निष्पक्ष विश्लेषण करना, चुनाव के दौरान सामने आए अनुभवों एवं परिस्थितियों पर विचार करना तथा भविष्य में शिक्षकों के अधिकारों और समस्याओं को लेकर एक मजबूत एवं प्रभावी आंदोलन की रूपरेखा तैयार करना था। बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने अपने-अपने अनुभव, सुझाव एवं विचार साझा किए। चुनाव के दौरान शिक्षकों के बीच बने संपर्क, उनकी अपेक्षाओं, संगठनात्मक कमजोरियों तथा भविष्य की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
**शिक्षकों के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी : श्याम नंदन कुमार यादव**
बैठक को संबोधित करते हुए श्याम नंदन कुमार यादव ने कहा कि चुनाव में जीत और हार लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन शिक्षकों के अधिकारों, सम्मान और समस्याओं की लड़ाई किसी चुनावी परिणाम पर निर्भर नहीं करती। शिक्षकों की समस्याओं को लेकर उनकी प्रतिबद्धता पहले भी थी और आगे भी पूरी मजबूती के साथ बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की आवाज को विभिन्न मंचों पर उठाना और उनके न्यायसंगत अधिकारों के लिए संघर्ष करना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान विभिन्न जिलों के शिक्षकों ने जिस विश्वास, सहयोग और स्नेह का परिचय दिया, वह उनके लिए महत्वपूर्ण पूंजी है। इस विश्वास को वे कभी कमजोर नहीं होने देंगे। उन्होंने शिक्षकों से आपसी एकजुटता बनाए रखने तथा संगठनात्मक शक्ति को मजबूत करने का आह्वान किया।
**‘शिक्षक जागृति वैचारिक एवं संवाद मंच’ का गठन**
बैठक का एक महत्वपूर्ण एवं दूरगामी निर्णय विभिन्न जिलों से आए सभी संवर्गों के शिक्षकों के सुझाव एवं सहमति के आधार पर ‘शिक्षक जागृति वैचारिक एवं संवाद मंच’ का गठन रहा। इस मंच के गठन का उद्देश्य शिक्षकों की समस्याओं, अधिकारों, शैक्षणिक चुनौतियों एवं उच्च शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक संवाद स्थापित करना तथा शिक्षकों को एक साझा वैचारिक एवं संगठनात्मक मंच उपलब्ध कराना है।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि शिक्षक समुदाय की समस्याएं केवल किसी एक संवर्ग तक सीमित नहीं हैं। नियमित शिक्षक, संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षक, अतिथि प्राध्यापक तथा अन्य शिक्षक संवर्गों की अपनी-अपनी समस्याएं हैं। इन सभी की समस्याओं को समझने, उनके समाधान के लिए सामूहिक पहल करने और सरकार एवं संबंधित संस्थानों तक उनकी आवाज पहुंचाने की आवश्यकता है।
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक जागृति वैचारिक एवं संवाद मंच को केवल एक संगठनात्मक संरचना तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे शिक्षकों के विचार-विमर्श, अधिकारों की पैरवी, शैक्षणिक विमर्श और लोकतांत्रिक संवाद का प्रभावी केंद्र बनाया जाएगा।