रौतनिया कचरा डंपिंग स्थल का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, प्रसंस्करण कार्य में धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी; अधिकारियों को बायोरेमेडिएशन कार्य में तेजी लाने का दिया निर्देश
==================
मड़वन प्रखंड अंतर्गत रौतनिया स्थित नगर निगम के कचरा डंपिंग स्थल पर कचरे के प्रबंधन एवं प्रसंस्करण को लेकर जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने माननीय विधायक श्री अजीत कुमार से संवाद स्थापित कर उनका सुझाव लिया तथा नगर निगम के अधिकारियों को आम जनता की आवश्यकता एवं आकांक्षा के अनुरूप तेजी से कार्य करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने इस अवसर पर नगर आयुक्त एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों की मौजूदगी में स्थल पर संचालित कार्यों की प्रगति, कचरा निष्पादन की व्यवस्था तथा स्थानीय लोगों को हो रही समस्याओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी आम जनता से भी बात कर उनकी समस्याओं से रू-ब-रू हुए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य रौतनिया कचरा डंपिंग स्थल की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना, कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन कराना तथा आसपास के क्षेत्र के निवासियों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने पाया कि कचरा प्रबंधन एवं बायोरेमेडिएशन के कार्यों की प्रगति अपेक्षित गति से नहीं हो रही है। कार्य की धीमी रफ्तार तथा आसपास के स्थानीय क्षेत्रों में उत्पन्न समस्याओं को गंभीरता से लिया गया। माननीय विधायक श्री अजीत कुमार ने कार्य में तेजी लाकर कचरे का निष्पादन समेत स्थानीय लोगों की सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया।