₹9,383 स्टाइपेंड से नाराज BAMS छात्र सड़क पर: कॉलेज के गेट पर जड़ा ताला, डिग्री छोड़ने तक की चेतावनी...
ग्वालियर के शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में इंटर्नशिप स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर BAMS छात्रों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। छात्रों ने कॉलेज और अस्पताल के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर धरना दिया और आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में उन्हें हर महीने सिर्फ ₹9,383 मिल रहे हैं, जबकि दूसरे राज्यों में यह राशि काफी अधिक है। छात्रों के मुताबिक, तेलंगाना में करीब ₹29,792, बिहार में ₹27,000, दिल्ली में ₹23,500 और राजस्थान में ₹22,000 प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाता है। वहीं, प्रदेश में MBBS इंटर्न को ₹21,500 मिलने का हवाला देते हुए उन्होंने अपने साथ भेदभाव का आरोप लगाया है। छात्र अपनी मांग के समर्थन में NCISM के राजपत्र विनियम 15-B का भी उल्लेख कर रहे हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद ठोस आश्वासन नहीं मिला है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि स्टाइपेंड बढ़ाने पर निर्णय नहीं हुआ, तो आंदोलन तेज किया जाएगा और वे सामूहिक रूप से डिग्री छोड़ने जैसा कदम भी उठा सकते हैं।