थाना सिविल लाइन पुलिस ने अवैध रूप से मॉडिफाइड एवं बिना नंबर की 3 जीप वाहन की जप्त, वाहन चालकों सहित नाबालिग के पिता के विरुद्ध भी कार्यवाही
छतरपुर पुलिस द्वारा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने, सड़क सुरक्षा बनाए रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध निरंतर कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत अवैध रूप से मॉडिफाइड एवं बिना नंबर के जीप वाहनों द्वारा सड़क पर प्रदर्शन किए जाने की सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम द्वारा उक्त वाहनों के संबंध में जानकारी एकत्रित की गई।
सूचना के आधार पर थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने अवैध रूप से मॉडिफाइड एवं बिना नंबर प्लेट की 3 जीप वाहनों को जप्त किया। वाहन चेकिंग के दौरान संबंधित वाहन चालक द्वारा आवश्यक दस्तावेज एवं वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी प्रस्तुत नहीं किए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि उक्त तीनों जीप वाहन अजय पाल सिंह बुंदेला, निवासी ग्राम गठेवरा, हाल निवासी पंचवटी ढाबा के पीछे, छत्रसाल नगर, छतरपुर के स्वामित्व के हैं। वाहन स्वामी द्वारा अपने नाबालिग पुत्र सहित दो अन्य व्यक्तियों को वाहन चलाने के लिए दिए गए थे। संबंधित वाहन चालकों द्वारा सड़क पर वाहनों से प्रदर्शन कर यातायात नियमों का उल्लंघन किया गया।
वाहन चालक-
1. संतोष कुशवाहा, पिता मोनी कुशवाहा, निवासी ग्राम गठेवरा।
2. मनीष पटेल, पिता मुन्नू पटेल, निवासी ग्राम गठेवरा।
3. एक नाबालिग वाहन चालक।
थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा वाहन चालकों एवं वाहन स्वामी अजय पाल सिंह बुंदेला के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत पृथक-पृथक प्रकरणों में इस्तगासा तैयार कर सख्त वैधानिक कार्रवाई हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
छतरपुर पुलिस आमजन से अपील करती है कि अपने वाहनों को निर्धारित नियमों के अनुरूप ही संचालित करें। वाहनों में अनधिकृत मॉडिफिकेशन न कराएं, बिना वैध पंजीयन एवं आवश्यक दस्तावेजों के वाहन न चलाएं तथा नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन चलाने के लिए न दें। स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। सड़क सुरक्षा एवं आमजन की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।
Home Department of Madhya Pradesh Madhya Pradesh Police Jansampark Madhya Pradesh DIG Chhatarpur Range PRO Jansampark Chattarpur #mppolice #chhatarpur