*पशु मेले में अग्रणी बैंक द्वारा आयोजित हुआ वित्तीय साक्षरता शिविर*
*किसानों व पशुपालकों को दी गई वितीय साक्षरता व योजनाओं की जानकारी*
डीडवाना-कुचामन, 1 अक्टुबर।
राष्ट्रीय वित्तीय समावेशन रणनीति के अंतर्गत वित्तीय साक्षरता को जमीनी स्तर तक पहुँचाने के उद्देश्य डीडवाना में आयोजित हो रहे पशु मेले में यूको बैंक, जिला अग्रणी बैंक कार्यालय द्वारा गुरुवार को एक मेला – वित्तीय साक्षरता के नाम अभियान के अंतर्गत स्टॉल लगाकर वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
आयोजित शिविर में आमजन को एक ही स्थान पर भारत सरकार एवं राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं यथा, सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ (PMJJBY, PMSBY, APY), ऋण सुविधाएँ यथा, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), SHG Bank Linkage एवं अन्य प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र की योजनाएँ, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) द्वारा संचालित कौशल विकास व प्रशिक्षण पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण एवं हैंडहोल्डिंग सपोर्ट, RBI जन जागरूकता संदेश, नकली नोटों (FICN) की पहचान/रोकथाम एवं अन्य जागरूकता व सेवाओं की जानकारी दी गई।
जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक नवेंदु कुमार ने बताया कि शिविर में आमजन एवं मेले में आए किसानों/पशुपालकों/ग्रामीणों को विभिन्न बैंकिंग एवं वित्तीय समावेशन योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित ऋण संबंधी योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
शिविर में जिले में कार्यरत समस्त बैंकों के अधिकारी/कर्मचारी, बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंस, वित्तीय साक्षरता सलाहकार, वित्तीय साक्षरता केंद्र, अग्रणी बैंक कार्यालय, यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आर-सेटी) ने सहभागिता की। इस दौरान स्टॉल का निरीक्षण भारतीय रिज़र्व बैंक के अग्रणी जिला अधिकारी गोविंद सिंह द्वारा किया गया। जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त जिला कलक्टर रतन कुमार, उपखंड अधिकारी राजवीर यादव, विकास अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कई जनप्रतिनिधियों द्वारा भी स्टॉल का निरीक्षण किया गया एवं जिला अग्रणी बैंक द्वारा आयोजित शिविर की प्रशंसा करते हुए कहा गया कि आमजन को वित्तीय रूप से जागरूक करने की दिशा में यह कदम अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी।