गौरीकुंड में अचानक बिगड़ी दिल्ली की महिला यात्री की तबीयत, पुलिस की तत्परता से मिली राहत
केदारनाथ यात्रा के दौरान गौरीकुंड में एक महिला तीर्थयात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलते ही गौरीकुंड चौकी में तैनात पुलिसकर्मी ने तत्परता दिखाते हुए महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर आवश्यक उपचार दिलाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी समृद्धि अपने परिजनों के साथ केदारनाथ यात्रा पर आई हुई थीं। इसी दौरान गौरीकुंड में उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई। स्थिति को देखते हुए गौरीकुंड चौकी में तैनात आरक्षी अर्जुन सिंह ने तत्काल मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए उन्हें सरकारी अस्पताल गौरीकुंड पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद महिला यात्री के स्वास्थ्य में सुधार हुआ। स्वास्थ्य लाभ मिलने पर समृद्धि ने अपने परिजनों के साथ निर्धारित गंतव्य के लिए प्रस्थान किया।
यात्री एवं उनके परिजनों ने समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त किया। केदारनाथ यात्रा के दौरान पुलिस द्वारा लगातार श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता एवं स्वास्थ्य संबंधी आपात परिस्थितियों में तत्परता से सहयोग किया जा रहा है।