सावन के प्रथम सोमवार पर पश्चिम महादेव शिव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, नगर पंचायत बेनीगंज ने कराई विशेष साफ-सफाई
.
#हरदोई: पवित्र श्रावण मास में भगवान शिव के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को देखते हुए नगर पंचायत बेनीगंज द्वारा नगर के पश्चिम महादेव स्थित पौराणिक एवं प्राचीन शिव मंदिर परिसर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। मंदिर परिसर, आने-जाने वाले मार्ग तथा आसपास के क्षेत्र की व्यापक सफाई कर श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया गया। साथ ही नगर में मंदिरों के आस पास साफ सफाई पर विशेष जोर दिया गया।
सावन के प्रथम सोमवार को प्रातःकाल से ही पश्चिम महादेव मंदिर में शिवभक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, बेलपत्र, धतूरा एवं पुष्प अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं क्षेत्र में खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
नगर पंचायत द्वारा कराई गई साफ-सफाई की व्यवस्था की श्रद्धालुओं ने सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित परिसर में दर्शन-पूजन करने से उन्हें काफी सुविधा मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि सावन माह में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं, ऐसे में नियमित साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
सावन मास के दौरान पश्चिम महादेव शिव मंदिर में प्रत्येक सोमवार को विशेष पूजन-अर्चन, जलाभिषेक एवं धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम जारी रहेगा। श्रद्धालुओं में सावन के पूरे माह भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना को लेकर विशेष उत्साह एवं श्रद्धा देखने को मिल रही है।
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
Hardoi, Hardoi | Aug 3, 2026