पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में लगी गोली, करीब 20 मामले दर्ज
फरीदाबाद के सेक्टर-58 ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में पुलिस और एक आरोपी के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम पर फायरिंग करने वाले आरोपी को जवाबी कार्रवाई के दौरान पैर में गोली लगने के बाद काबू कर लिया गया। आरोपी की पहचान विमल ठाकुर उर्फ सोनू के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके खिलाफ फरीदाबाद के विभिन्न थानों में चोरी, सेंधमारी और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में करीब 20 मामले दर्ज हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 12 नवंबर की रात अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम प्रभारी उपनिरीक्षक सुंदर सिंह के नेतृत्व में सेक्टर-58 ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि विमल ठाकुर उर्फ सोनू अवैध हथियार लेकर चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सेक्टर-58 और सेक्टर-59 क्षेत्र में किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सेक्टर-58 में प्लॉटिंग जोन की ओर जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस के मुताबिक, पुलिस वाहन को देखते ही युवक ग्रीन बेल्ट के कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा। टीम ने उसका पीछा किया तो कुछ दूरी पर उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई।
पुलिस पर दो बार फायरिंग करने का आरोप
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मोटरसाइकिल गिरने के बाद आरोपी पैदल भागने लगा और उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन आरोप है कि उसने दोबारा पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और टीम ने उसे मौके पर काबू कर लिया।
अवैध पिस्तौल और चोरी की बाइक बरामद
पुलिस ने मौके से .32 बोर की एक अवैध देसी पिस्तौल, कारतूस, दो खाली खोल और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद करने की जानकारी दी है। घायल आरोपी को उपचार के लिए फरीदाबाद के बीके अस्पताल भेजा गया, जहां पुलिस के अनुसार उसकी हालत सामान्य है।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं करीब 20 मामले
पुलिस के अनुसार, आरोपी विमल ठाकुर उर्फ सोनू मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के गांव खोदाई बाग का रहने वाला है और वर्तमान में बल्लभगढ़ की सुभाष कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके खिलाफ चोरी, सेंधमारी और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में करीब 20 मामले दर्ज हैं।
फिलहाल थाना सेक्टर-58 में आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने, अवैध हथियार से फायरिंग करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।