तालाब में डूबने से 15 माह की बच्ची की मौत, युवक पर हत्या का आरोप
तालाब से निकालकर परिजन ले गए थे जिला अस्पताल, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
हरदोई। बेहटागोकुल थाना क्षेत्र में घर के पास स्थित तालाब में डूबने से 15 माह की बच्ची की मौत हो गई। गांव के ही एक युवक ने बच्ची को तालाब से बाहर निकाला था। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अब बच्ची के परिजनों ने तालाब की रखवाली करने वाले युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे सूचना मिली थी कि एक 15 माह की बच्ची घर के पास स्थित तालाब में डूब गई है। तालाब की रखवाली करने वाले गांव के पुनीत पुत्र गंधर्भ रैदास (22) ने बच्ची को तालाब से बाहर निकाला था। इसके बाद परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गुरुवार को बच्ची के परिजनों ने पुनीत पर हत्या का आरोप लगाया। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौत का स्पष्ट कारण जानने के लिए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अखिलेश सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से युवक पर हत्या का आरोप लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Hardoi, Hardoi | Nov 26, 2026