सबका सम्मान-जीवन आसान संकल्प के तहत जिला पदाधिकारी ने आमजनों की समस्याएं सुनीं, त्वरित समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को दिए निर्देश*
आज दिनांक 04 जून, 2026 को जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती अलंकृता पाण्डेय द्वारा समाहरणालय परिसर स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत ‘‘सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living) कार्यशैली के अंतर्गत आमजनों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
इस जनसंवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों में होने वाली कठिनाइयों को दूर करना तथा प्रशासन एवं जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए जनता द्वारा अपनी-अपनी समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष रखी गईं, जिनके समाधान हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों में शिक्षा विभाग, भूमि विवाद, अतिक्रमण वाद से संबंधित परिमार्जन से संबंधित एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें शामिल थीं। भूमि विवाद एवं अतिक्रमण से संबंधित मामलों को गंभीरता से सुनते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित अंचल पदाधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं अन्य मामलों के निष्पादन हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा सभी पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े तथा उन्हें बेहतर प्रशासनिक सेवा उपलब्ध हो सके।
जिला पदाधिकारी द्वारा जनता को यह भी जानकारी दी गई कि सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जो पूर्णतः ऑनलाइन प्रक्रिया आधारित है। जिसमें प्राप्त आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाता है आमजन अपनी शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान हेतु घर बैठे सहयोग शिविर पोर्टल/RTPS के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं या सोमवार/ शुक्रवार के जनता दरबार में भी आकर आवेदन कर सकते हैं।
#सबका_सम्मान_जीवन_आसान
#जिला_प्रशासन_जहानाबाद
#IPRDBihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar