जरूरतमंद किसानों के बीच कृषि उपकरणों का वितरण
लखीसराय। 16वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जमुई के द्वितीय कमान अधिकारी बांके बिहारी के दिशा-निर्देशन में डी समवाय कजरा के तत्वावधान में नरोत्तम उच्च विद्यालय परिसर में नागरिक कल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक कमांडेंट श्री अभिनव तोमर की देखरेख में हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने किया। इस दौरान सैकड़ों जरूरतमंद किसानों के बीच स्प्रे मशीन, कुदाल, खुरपी, काशी सहित विभिन्न लघु कृषि उपकरणों का वितरण किया गया।
डीएम ने किसानों को कृषि कार्यों में आधुनिक एवं उपयोगी उपकरणों के प्रयोग के लिए प्रेरित करते हुए इनके समुचित उपयोग और उपयोगिता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे उपकरण किसानों की कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक होंगे।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी, एसडीओ लखीसराय, बीडीओ सूर्यगढ़ा, कजरा एवं पीरी बाजार थाना के पदाधिकारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। किसानों ने इस पहल के लिए सशस्त्र सीमा बल एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।