खेल मैदान में दिखा प्रतिभा का दम, जिला स्तरीय प्रतियोगिता शुरू
लखीसराय। गांधी मैदान परिसर में मंगलवार को जिला स्तरीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ डीएम शैलेंद्र कुमार ने किया। 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के बालक-बालिका खिलाड़ी एथलेटिक्स, क्रिकेट, कबड्डी, शतरंज, योग, कराटे और कुश्ती समेत विभिन्न खेलों में हिस्सा ले रहे हैं।
प्रतियोगिता में 400 मीटर दौड़, 800 मीटर दौड़ और गोला फेंक सहित कई स्पर्धाओं के परिणाम घोषित किए गए। डीएम ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
मौके पर एडीएम नीरज कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, डीटीओ मुकुल पंकज मणि, डीईओ यदुवंश राम समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।