योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
लखीसराय। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय समन्वय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।बैठक के दौरान जिला समन्वय समिति से संबंधित बिंदुओं के साथ स्वास्थ्य एवं पोषण, भूमि उपलब्धता, समेकित बाल विकास योजना, आधारभूत संरचना एवं उपयोगिताओं तथा विभिन्न प्रमुख योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
जिला कोषागार से संबंधित पीएफएमएस, सीएफएमएस, डीसी बिल एवं एसी बिल के लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने लंबित बिलों एवं प्रतिवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को अनावश्यक विलंब से बचने का निर्देश दिया।जन शिकायतों की समीक्षा के क्रम में लंबित आवेदनों, आम लोगों की समस्याओं के निष्पादन, शिविरों के आयोजन एवं सहयोग शिविर से संबंधित कार्यों की जानकारी ली गई। डीएम ने कहा कि जन शिकायतों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए और संबंधित आवेदकों को समय पर राहत उपलब्ध कराई जाए।शिक्षा विभाग की समीक्षा में विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन योजना, विद्यालय भवन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की स्थिति पर चर्चा की गई। विद्यालय भवन निर्माण से संबंधित कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया गया।डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा लंबित मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने योजनाओं की नियमित निगरानी पर जोर देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, विकास शाखा प्रभारी दिवाकर कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता राहुल कुमार, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मनी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।