बच्चे की मौत के बाद अस्पताल में ताला, स्टाफ भी फरारः घर वाले बाहर रोते रहे, शव अंदर छोड़कर भाग गए डॉक्टर
उरई शहर के मच्छर चौराहा पर स्थित एक निजी अस्पताल अनिका हॉस्पिटल पर चार वर्षीय मासूम बच्चे की मौत के बाद गंभीर लापरवाही और संवेदनहीनता के आरोप लगे हैं। परिजनों का आरोप है कि इलाज में लापरवाही के चलते बच्चे की मौत हो गई और इसके बाद अस्पताल संचालक व स्टाफ अस्पताल छोड़कर फरार हो गए। इतना ही नहीं, मासूम का शव अस्पताल परिसर में बंद ताले के भीतर छोड़ दिया गया, जबकि बाहर परिजन रोते-बिलखते रहे। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप और लोगों में भारी आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भेड़ निवासी अमजद खान अपने चार वर्षीय पुत्र रियाज खान को गुरुवार सुबह करीब चार बजे पेट में तेज दर्द की शिकायत होने पर अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि भर्ती के दौरान अस्पताल प्रशासन ने पांच हजार रुपये जमा कराए और बच्चे को ग्लूकोज चढ़ा दिया, लेकिन इसके बाद समुचित उपचार नहीं किया गया। परिजनों के मुताबिक बच्चे की हालत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन अस्पताल प्रशासन केवल जांच कराने की बात करता रहा और कोई आवश्यक जांच नहीं कराई गई। इसी दौरान मासूम की मौत हो गई। आरोप है कि मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि अस्पताल में वेंटिलेटर की सुविधा उपलब्ध नहीं है और बच्चे को दूसरे अस्पताल ले जाना होगा। वहीं इस मामले में सीएमओ डॉक्टर हरिनंदन का कहना है कि वह मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे, लेकिन अस्पताल में ताला लगा हुआ था। वह इस मामले में जांच कमेटी बनाई हैं, साथ ही यह भी जांच कर रहे हैं कि अस्पताल के कागज हैं या नहीं जो भी कार्रवाई होगी उसे नियमानुसार किया जाएगा।
Orai, Jalaun | Jun 4, 2026