पालेश्वर नाथ मंदिर के पर्यटन विकास एवं स्वच्छता व्यवस्था का किया निरीक्षण
पालेश्वर नाथ मंदिर एवं समन्वित परिसर का निरीक्षण कर दर्शन किए तथा पर्यटन सुविधाओं के विकास एवं स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
पर्यटन विकास के अंतर्गत ₹1.50 करोड़ की परियोजना स्वीकृत की गई है। इसके तहत पर्यटक सुविधा केंद्र, बड़ा हॉल, शौचालय कॉम्प्लेक्स, पेयजल व्यवस्था एवं स्ट्रीट लाइटिंग जैसी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। साथ ही, मंदिर तक जाने वाले सीढ़ीदार मार्ग पर दो विश्राम स्थलों का निर्माण कराया जाएगा, जहाँ श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था होगी।
जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी (BDO) को परिसर में नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई सुनिश्चित कराने, समर्पित सफाईकर्मी की व्यवस्था करने तथा श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही, परिसर में दुकानों एवं पार्किंग से निर्धारित सामान्य शुल्क के माध्यम से सफाई व्यवस्था के लिए संसाधन जुटाने की संभावनाओं पर कार्य करने तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से दोना-पत्तल एवं अन्य स्थानीय उत्पादों की बिक्री को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए, जिससे स्वच्छता के साथ स्थानीय आजीविका को भी बढ़ावा मिल सके।