डीग कांग्रेस में क्रॉस वोटिंग और टिकट वितरण को लेकर उठे सवाल, महिला जिलाध्यक्ष श्वेता यादव ने प्रदेश अध्यक्ष को लिखा पत्र
डीग। जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनावों के बाद कांग्रेस संगठन में अंदरूनी कलह सामने आई है। महिला कांग्रेस की डीग जिलाध्यक्ष एडवोकेट श्वेता यादव ने राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को पत्र लिखकर टिकट वितरण में अनियमितताओं, क्रॉस वोटिंग और पार्टी में भीतरघात के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
श्वेता यादव ने जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पुराने और निष्ठावान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाया है। उन्होंने भाजपा से जुड़े व्यक्ति के परिवार के सदस्यों को कांग्रेस का टिकट देने के फैसले पर भी आपत्ति जताई।
पत्र में उन्होंने क्रॉस वोटिंग और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई, टिकट वितरण की जांच तथा डीग जिले में संगठन की समीक्षा कर योग्य नेतृत्व को जिम्मेदारी देने की मांग की है।
श्वेता यादव ने कहा कि वह पिछले 20 वर्षों से कांग्रेस से जुड़ी हैं और छात्र राजनीति से लेकर पार्षद, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश महासचिव तक संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पत्र किसी व्यक्तिगत स्वार्थ से नहीं, बल्कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से लिखा गया है।
Weir, Bharatpur | Nov 28, 2026