राजकीय महाविद्यालय वैर में ‘नई किरण नशा मुक्ति अभियान’ के तहत विशेष व्याख्यान, 10 सखा-सखियों को वितरित की जागरूकता किट
वैर । राजकीय महाविद्यालय वैर में ‘नई किरण नशा मुक्ति अभियान’ के तहत विशेष व्याख्यान आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य परसराम गुर्जर ने की। मुख्य वक्ता के रूप में गायत्री परिवार बयाना से पहुंचे निर्भय एवं विजय ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने नशे के शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को सकारात्मक सोच, अच्छे संस्कार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर नशे से दूर रहना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान अभियान के लिए चयनित 10 सखा-सखियों को नशामुक्ति जागरूकता किट वितरित की गई। ये विद्यार्थी अपने सहपाठियों और समाज के बीच नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
अभियान के नोडल अधिकारी सहायक आचार्य बनवारी लाल बैरवा ने अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को जागरूक बनाकर ही स्वस्थ और नशामुक्त समाज की परिकल्पना साकार की जा सकती है।
Weir, Bharatpur | Nov 28, 2026