जमुई: जिलेभर में जिला प्रशासन द्वारा निकाला गया तिरंगा यात्रा, डीएम और एसपी हुए शामिल
जमुई: 'हर घर तिरंगा अभियान – 2026 ' के तहत आज जमुई जिला पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जिले के सभी दस प्रखंडों में पूर्ण सम्मान, असीम उत्साह और गरिमामयी भव्यता के साथ ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली गई।आज सुबह से ही सभी प्रखंड मुख्यालय सहित प्रमुख चौक चौराहे 'भारत माता की जय' , 'जय हिंद' झंडा ऊंचा रहे हमारा के गगनभेदी जयघोषों तथा देशभक्ति गीतों की धुनों से गूंज उठा। आज आयोजित इस तिरंगा यात्रा में स्थानीय स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों, स्कूली बच्चों, आईसीडीएस कार्यकर्ताओं तथा जीविका दीदियों ने कंधे से कंधा मिलाकर अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। आज के इस तिरंगा यात्रा के दौरान जमुई जिले में देशभक्ति की भावना जिस जीवंतता, समर्पण और अभूतपूर्व उत्साह के साथ प्रदर्शित हुई, उसने पूरे माहौल को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।
प्रशासनिक सहभागिता को सुनिश्चित करते हुए झाझा प्रखंड में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में जिला पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त ने स्वयं तिरंगा – यात्रा का नेतृत्व किया। वहीं जमुई प्रखंड में आयोजित तिरंगा–यात्रा का अपर समाहर्ता एवं अनुमंडल पदाधिकारी ने नेतृत्व किया। इसके साथ ही जिले के अन्य सभी प्रखंडों में नामित वरीय पदाधिकारियों ने अपनी-अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए तिरंगा यात्रा को अपना नेतृत्व देते हुए सफल बनाया।
झाझा में आयोजित आज 'तिरंगा यात्रा' के दौरान जनभागीदारी की एक अद्भुत एवं अनुकरणीय मिसाल देखने को मिली, जिसने देशभक्ति के उत्साह को जन-जन के अटूट राष्ट्रप्रेम में बदल दिया। यात्रा के पूरे मार्ग में स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों द्वारा जगह-जगह पेयजल एवं शरबत की व्यवस्था की गई। आम जनमानस का यह स्वतःस्फूर्त सहयोग न केवल भारतीयता की आत्मीयता को दर्शाता है, बल्कि समाज में तिरंगे के प्रति सम्मान, राष्ट्रीयता और राष्ट्रप्रेम की अटूट भावना को भी दर्शाता है।
झाझा में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने हर घर तिरंगा अभियान के उद्देश्यों को बताते हुए अत्यंत ओजस्वी एवं प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि, "यह तिरंगा यात्रा सिर्फ हाथ में तिरंगा लेकर चलने की यात्रा मात्र नहीं है, बल्कि यह हमारे राष्ट्रीय ध्वज के प्रति अपना सर्वोच्च सम्मान प्रदर्शित करने और समाज के हर नागरिक को राष्ट्रप्रेम के लिए प्रेरित करने का एक माध्यम और सुअवसर है। हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण हमारा देश है, इसीलिए हमारे सभी व्यक्तिगत या सामाजिक हितों से ऊपर सदैव राष्ट्रहित की भावना होनी चाहिए। आगे उन्होंने कहा कि 'देश की अखंडता और एकता को अक्षुण्ण रखने के लिए राष्ट्र के प्रत्येक प्रतीक के प्रति आदर और सम्मान का भाव मन में संजोना तथा उसे प्रदर्शित करना हम सभी देशवासियों का सर्वोच्च नैतिक और नागरिक कर्तव्य है। इसलिए मैं आप सभी से आह्वान करता हूँ कि राष्ट्रहित और राष्ट्रीयता की भावना को सदैव सर्वोपरि रखें, राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सर्वोच्च सम्मान का भाव बनाए रखें और इसे निरंतर आगे बढ़ाते हुए हर घर तिरंगा अभियान –2026 को जन-जन तक पहुँचाकर इसे जिले ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएँ।
Jamui, Jamui | Aug 12, 2026