देव कार्तिक छठ मेला-2026 में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु देव मोड़ से देव प्रखंड कार्यालय तक निःशुल्क ऑटो सेवा का शुभारंभ
देव कार्तिक छठ मेला-2026 में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 14 नवम्बर, 2026 को देव मोड़ से देव प्रखंड कार्यालय तक निःशुल्क ऑटो सेवा का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर माननीय विधायक, औरंगाबाद त्रिविक्रम नारायण सिंह जी, जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद उपेंद्र नाथ वर्मा, एवं कोऑपरेटिव के अध्यक्ष संतोष कुमार द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर निःशुल्क ऑटो सेवा को रवाना किया गया।
यह निःशुल्क परिवहन सेवा फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन, औरंगाबाद के सौजन्य से उपलब्ध कराई जा रही है। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को देव मोड़ से देव प्रखंड कार्यालय तक आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा मेला के दौरान यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में भी सहायता प्राप्त होगी।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन के लिए प्रतिबद्ध है। मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु प्रशासन द्वारा विभिन्न स्तरों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इस पुनीत अवसर पर सामाजिक एवं संस्थागत सहभागिता के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही यह निःशुल्क सेवा जनसुविधा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का सराहनीय उदाहरण है।
Deo, Aurangabad | Nov 14, 2026