आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, दूध डेयरियों एवं मिठाई दुकानों से लिए सैंपल
आगामी त्योहारों एवं दीपावली की दूज पर रतनगढ़ माता मंदिर में आयोजित होने वाले मेले को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान चलाया जा रहा है।
कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े के निर्देशानुसार कस्बा इंदरगढ़ में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती सविता सक्सेना द्वारा दूध डेयरियों एवं मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने (सैंपल) लेकर जांच हेतु भेजने की कार्रवाई की गई।
अभियान का उद्देश्य आगामी त्योहारों के दौरान आमजन एवं रतनगढ़ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।