समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
*प्रेस विज्ञप्ति*
दिनांक : 12 सितंबर 2026
*आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण में तेजी लाने का जिलाधिकारी ने दिया निर्देश*
*विवादित भूमि का स्थल निरीक्षण, विद्यालयों से NOC एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों से टैग करने पर जोर*
जिला समाहरणालय स्थित न्यू एन.आई.सी. हॉल में शनिवार को जिलाधिकारी श्री अभिषेक रंजन, भा०प्र०से० की अध्यक्षता में आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण से संबंधित कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आईसीडीएस, शिक्षा, राजस्व एवं मनरेगा से संबंधित पदाधिकारियों के साथ विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र भवनों, भूमि की उपलब्धता तथा निर्माण में आ रही बाधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने भूमि का अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC), विवादित एवं अतिक्रमित भूमि सहित अन्य लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों, कार्यक्रम पदाधिकारियों (मनरेगा) एवं अंचलाधिकारियों को विवादित भूमि का संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा NOC प्राप्त भूमि पर आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, मधेपुरा को विद्यालयों में आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण हेतु चिन्हित भूमि का NOC उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को निकटवर्ती प्राथमिक विद्यालय की कक्षा-1 के शिक्षक/शिक्षिका से टैग करते हुए सप्ताह में कम-से-कम एक दिन उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी सीडीपीओ को आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत 5-6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का वर्ष में दो बार School Exposure Visit कराने का भी निर्देश दिया, ताकि बच्चों को विद्यालयी वातावरण से परिचित कराया जा सके और उनके सहज विद्यालय संक्रमण को बढ़ावा मिले।
*सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर*
बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ (17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026) के तहत निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी आयोजन कर उनकी प्रविष्टि/अपलोडिंग पोर्टल पर ससमय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त ‘कायाकल्प अभियान’ के अंतर्गत मरम्मत एवं रंग-रोगन योग्य आंगनबाड़ी केंद्रों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा नए आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि का चिन्हांकन कर उसे ग्राम सभा से पारित कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल भवन निर्माण तक सीमित न रहें, बल्कि बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समग्र विकास के लिए प्रभावी केंद्र के रूप में कार्य करें। इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, मधेपुरा, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस), जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा), सभी अंचलाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar