*युवा ऊर्जा और संवैधानिक चेतना के संगम से गूंजा विकसित भारत@2047 का*
*माय भारत के ‘विकसित भारत युवा संवाद’ में युवाओं ने लिया नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प*
*धार, 26 नवंबर 2026।* संविधान दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (माय भारत), धार द्वारा प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (पीजी कॉलेज), धार में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ (संविधान दिवस विशेष) कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर केंद्रित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत@2047 के राष्ट्रीय विजन से जोड़ना, उनमें संवैधानिक मूल्यों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। जिला युवा अधिकारी सुश्री दीर्घा राजावत ने स्वागत उद्बोधन में कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल देश के 30 से अधिक राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के 600 से अधिक जिलों में आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार को राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए उन्हें विकसित भारत के संकल्प में सक्रिय भागीदार बनाना है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम युवाओं के विचारों, सुझावों और आकांक्षाओं को समझने का महत्वपूर्ण मंच है। संवाद के दौरान युवाओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य सहित समाज एवं राष्ट्र के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। युवाओं की सक्रिय भागीदारी और रचनात्मक सुझाव विकसित भारत@2047 की परिकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कलेक्टर श्री मीना ने कहा कि देश और समाज की प्रगति का मूल आधार शिक्षा है। युवाओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक सुव्यवस्थित पुस्तकालय विकसित करने का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है। इससे विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं एवं अन्य परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकेंगे। उन्होंने खेल सुविधाओं को प्रोत्साहित करने तथा महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव भी शासन को प्रेषित किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आवश्यक है।
संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कलेक्टर श्री मीना ने कहा कि संविधान की उद्देशिका भारतीय संविधान की आत्मा है। इसमें संविधान निर्माताओं के सपनों, आदर्शों और देश की परिकल्पना का सार समाहित है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के मूल्यों को प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने बताया कि संविधान दिवस के अवसर पर जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में संविधान की उद्देशिका का वाचन कर उसके आदर्शों के अनुरूप आचरण करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर उन्होंने धार जिले के समस्त नागरिकों को संविधान दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा ने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को भारतीय संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की समझाइश दी। उन्होंने युवाओं से कानून का सम्मान करने, विधि के शासन में विश्वास रखने तथा जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक के रूप में समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने उपस्थित अतिथियों, विद्यार्थियों एवं युवाओं को भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन करवाया। इसके माध्यम से सभी ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
मुख्य सत्र में यूथ आइकन सुश्री टीशा ठाकुर ने ‘विकसित भारत@2047 एवं नशामुक्त युवा’ विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उन्होंने भारत की विकास यात्रा, गरीबी उन्मूलन, सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तन, नक्सलवाद की चुनौती के समाधान के प्रयासों तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवाओं की क्षमता और सकारात्मक ऊर्जा राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। नशे की प्रवृत्ति न केवल व्यक्ति के भविष्य और परिवार की खुशहाली को प्रभावित करती है, बल्कि देश की उत्पादकता एवं विकास में भी बाधा बनती है। विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त होना आवश्यक है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली युवा प्रतिभाओं स्पोर्ट्स आइकन श्री सुधीर वर्मा, यूथ आइकन सुश्री टीशा ठाकुर एवं स्टेट एनएसएस अवॉर्डी श्री जितेन्द्र पवार को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं एवं माय भारत स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। युवाओं ने विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को साकार करने, संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा, डॉ. रमाकांत मुकुट, जिला प्रतिनिधि श्री अंतर सिंह यादव, श्री दीपेन्द्र ठाकुर, सीएसपी श्री योगेन्द्र भदोरिया, प्रभारी प्राचार्य डॉ. अरुणा मोटवानी, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. आयशा खान, डॉ. प्रभा सोनी, पीएमसीओई नोडल अधिकारी डॉ. हेमसिंह मंडलोई, एनएसएस जिला संगठक डॉ. केसर सिंह चौहान एवं सुश्री सुलोचना पाटिल सहित अन्य अतिथि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Indore Commissioner Collector Office Dhar
Dhar, Madhya Pradesh | Nov 26, 2026