*जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों हेतु राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सम्मेलन संपन्न*
*कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की सहभागिता*
*धार, 25 नवंबर 2026।* जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों और उसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग द्वारा बुधवार को आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल में राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में धार कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने जिले से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।
सम्मेलन के दौरान भारत के महापंजीयक, मुख्य सचिव और अपर मुख्य सचिव (गृह) ने जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की कार्ययोजना व प्रक्रिया पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। बैठक में स्पष्ट किया गया कि आगामी 10 जनवरी 2027 से स्व-गणना (Self-Enumeration) की प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि 25 जनवरी 2027 से प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर विधिवत जनगणना कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
प्रशिक्षण सत्र में अधिकारियों को जनगणना की कार्यप्रणाली, प्रश्नावली और डिजिटल माध्यमों के उपयोग से अवगत कराया गया। इसमें विशेष रूप से मोबाइल ऐप, स्व-गणना पोर्टल, जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (CMMS) तथा गणना खंड निर्माण पोर्टल के संचालन की बारीकियां समझाई गईं।
इसके अतिरिक्त, जनगणना अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों और शासन के दिशा-निर्देशों पर चर्चा करते हुए आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समयबद्ध तैयारी के साथ जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराना है।
CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Jansampark Madhya Pradesh Chief Electoral Officer Madhya Pradesh
1 views | Dhar, Madhya Pradesh | Nov 25, 2026