*जिला अस्पताल के मेजर ओटी में बैक्टीरिया, ऑपरेशन बंद*
*फर्श, दीवार, ऑपरेशन टेबल और उपकरणों के सैंपल में बैक्टीरियल ग्रोथ; डिसइंफेक्शन के बाद दोबारा होगी कल्चर जांच*
सतना। जिला अस्पताल के मेजर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में बैक्टीरिया की ग्रोथ मिलने के बाद इसका संचालन बंद कर दिया गया है। माइक्रोबायोलॉजी लैब की कल्चर जांच में ओटी के फर्श, दीवार, ऑपरेशन टेबल, ओटी लाइट और उपकरणों समेत अलग-अलग स्थानों से लिए गए सैंपलों में बैक्टीरिया की मौजूदगी मिली है। रिपोर्ट आने के बाद संक्रमण नियंत्रण के तहत मेजर ओटी में ऑपरेशन रोक दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार मेजर और मेटरनिटी ओटी के करीब आठ स्थानों से सैंपल लिए गए थे। इन्हें कल्चर जांच के लिए माइक्रोबायोलॉजी लैब भेजा गया था। जांच में कई सैंपल पॉजिटिव मिलने के बाद मेजर ओटी को बंद करने का निर्णय लिया गया।
*एक मॉड्यूलर ओटी की मशीन भी बंद*
अस्पताल की मॉड्यूलर ओटी में लगी एक मशीन भी खराब होने से बंद है। वहीं अन्य ओटी में निर्माण और मरम्मत का काम चल रहा है। इससे अस्पताल में ऑपरेशन के लिए उपलब्ध व्यवस्था सीमित हो गई है। फिलहाल मेटरनिटी ओटी में ही प्रसव संबंधी सर्जरी हो रही है।
*डिसइंफेक्शन के बाद दोबारा जांच*
बैक्टीरिया मिलने के बाद ओटी की गहन सफाई, डिसइंफेक्शन और उपकरणों के स्टेरलाइजेशन की प्रक्रिया कराई जाएगी। इसके बाद दोबारा कल्चर जांच होगी। रिपोर्ट में संक्रमण नहीं मिलने पर ही ओटी को नियमित संचालन में लाया जाएगा।
सिविल सर्जन डॉ. अमर सिंह ने बताया कि ओटी में पहले फंगस मिलने के बाद कल्चर जांच कराने के निर्देश दिए गए थे। इससे पहले वॉटरप्रूफिंग और रंगरोगन कराया गया है। अब बैक्टीरिया मिलने के बाद फ्यूमीकेशन कराया जाएगा, इसके बाद ओटी को फंक्शनल किया जाएगा।