प्रेस विज्ञप्ति 01
जिला जनसंपर्क कार्यालय, सहरसा
दिनांक: 25 जुलाई 2026
बिहार सरकार के सेवा, संकल्प एवं समर्पण के 100 दिवस पूर्ण होने पर विकास भवन सभागार में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
जिले के उत्कृष्ट कर्मियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, रसोइया एवं उद्यमी को किया गया सम्मानित, भूमिहीन परिवारों को दिया गया भूमि पर्चा ।
माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार के 'सेवा, संकल्प एवं समर्पण' के 100 दिवस पूर्ण होने के अवसर पर आज सहरसा जिला के विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पटना में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने देखा। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्री दीपेश कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिहाग, उप विकास आयुक्त श्री गौरव कुमार,अपर समाहर्ता श्री निशांत कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री मुकेश कुमार, नगर आयुक्त श्री प्रभात झा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री सुजीत कुमार बरनवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। लाइव प्रसारण के उपरांत सहरसा जिले में विगत 100 दिनों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों एवं उपलब्धियों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में नगर निगम सहरसा के सफाई निरीक्षक श्री सुमन डे, सफाई जमादार श्री अजय कुमार मुन्ना, नगर निगम सहरसा के कर संग्रहक श्री रंजन कुमार, जिला कोषागार के लिपिक श्री बमबम झा, वाहन चालक श्री रमेश मंडल, गृह रक्षक श्री अरविंद ठाकुर, कार्यालय परिचारी श्री महेंद्र कुमार दास, जीविका दीदी श्रीमती निशा कुमारी, श्रीमती रतन कुमारी एवं श्रीमती भारती कुमारी, कार्यपालक सहायक श्री हरिमोहन झा, श्री पंकज कुमार तथा श्री विजय भूषण शामिल रहे। बाल विकास परियोजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी सेविकाओं श्रीमती कुमारी सोनी एवं श्रीमती मीरा कुमारी को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की रसोइया श्रीमती अनीता देवी को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत ऋण प्राप्त कर सफलतापूर्वक डेयरी उद्योग स्थापित करने वाले सहरसा के युवा उद्यमी श्री मनीष कुमार को भी सम्मानित किया गया। उनके द्वारा संचालित डेयरी में दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों का उत्पादन कर बिहार के विभिन्न जिलों में विपणन किया जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिला है। इस अवसर पर महिषी अंचल के ऐना एवं वीरगांव पंचायत के 69 भूमिहीन परिवारों को भूमि पर्चा भी प्रदान किया गया। लाभार्थी महिलाओं ने अपनी निजी जमीन प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे अपने स्वयं के आवास का निर्माण कर सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकेंगी। उन्होंने इस पहल के लिए माननीय मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्री दीपेश कुमार ने कहा कि विगत 100 दिनों में जिले में विकास एवं जनकल्याण के अनेक महत्वपूर्ण कार्य संपन्न हुए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में 11 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालय तथा 6 राजकीय डिग्री कॉलेज प्रारंभ किए गए हैं। सभी पंचायतों में नियमित रूप से सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं तथा प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल एवं सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आयुष्मान कार्ड निर्माण का कार्य निरंतर चल रहा है। जिले में 6,907 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। पर्यटन क्षेत्र में मत्स्यगंधा झील पर ग्लास ब्रिज निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। साथ ही मत्स्यगंधा झील के सौंदर्यीकरण, मंडन मिश्र धाम तथा माता उग्रतारा मंदिर के निर्माण कार्यों में भी तेजी लाई गई है। औद्योगिक एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के अंतर्गत 124 लाभुकों को लाभान्वित किया गया है, जबकि पीएमएफएमई योजना के तहत 22 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई है। बनगांव एवं देवना गोपाल मौजा में लगभग 420 एकड़ भूमि अधिग्रहण हेतु राज्य मंत्रिमंडल से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। सहरसा एवं बैजनाथपुर औद्योगिक क्षेत्र में 8 औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटित की गई है, जिनसे लगभग 170 लोगों को रोजगार उपलब्ध होने की संभावना है। जिला पदाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के मार्गदर्शन में जिले के समग्र विकास एवं जनकल्याण के कार्य आगे भी और अधिक गति एवं प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेंगे। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों एवं पंचायत सरकार भवनों में भी किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड एवं पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए राज्य सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों का अवलोकन किया।
69 views | Samastipur, Bihar | Jul 25, 2026