समाहरणालय, सहरसा
(जिला जनसंपर्क कार्यालय)
सहरसा, 02 अगस्त 2026
नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति : जिलाधिकारी
'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान के तहत जिलेभर में युवाओं ने ली नशा मुक्ति की शपथ
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में MY Bharat, सहरसा द्वारा रविवार को शांति मिशन एकेडमी, सहरसा में "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम देशभर में संचालित "Gen Z Against Addiction" राष्ट्रव्यापी जन-अभियान का हिस्सा था। कार्यक्रम में जिलाधिकारी, सहरसा, श्री दीपेश कुमार, MY Bharat, सहरसा की जिला युवा अधिकारी श्रीमती तृप्ति जैन तथा वरीय उपसमाहर्ता श्री राजू कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री दीपेश कुमार ने उपस्थित युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाते हुए अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं से अपने परिवार, मित्रों एवं समाज में नशा मुक्ति का संदेश पहुँचाने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा इस जन-अभियान का सक्रिय भागीदार बने।जिलाधिकारी ने सहरसा को नशामुक्त जिला बनाने के लिए प्रशासन, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं के सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है तथा सहरसा को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। शांति मिशन एकेडमी में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में 200 से अधिक युवाओं ने नशा मुक्ति की शपथ ग्रहण की तथा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। अभियान के अंतर्गत जिले के सभी प्रखंडों, शैक्षणिक संस्थानों एवं विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर भी नशा मुक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता करते हुए नशा मुक्ति की शपथ ली तथा नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का समापन नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण तथा सहरसा को नशामुक्त जिला बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।