समाहरणालय, सहरसा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
सहरसा, 03 अगस्त 2026
जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली, 2016 के तहत जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित
जिला पदाधिकारी, सहरसा श्री दीपेश कुमार (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली, 2016 के तहत गठित जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल सर्जन, अपर समाहर्ता, जिला प्रदूषण नियंत्रण पदाधिकारी, विभिन्न सरकारी एवं निजी स्वास्थ्य संस्थानों के प्रतिनिधियों सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिले के सरकारी एवं निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम, पैथोलॉजी प्रयोगशालाओं तथा अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में जैव चिकित्सा अपशिष्ट के सुरक्षित संग्रहण, पृथक्करण, परिवहन, उपचार एवं वैज्ञानिक विधि से निस्तारण की व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों को जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली, 2016 के प्रावधानों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि रंग-कोड आधारित अपशिष्ट पृथक्करण प्रणाली का प्रभावी ढंग से पालन किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने, अधिकृत एजेंसी के माध्यम से जैव चिकित्सा अपशिष्ट का समयबद्ध निष्पादन कराने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जैव चिकित्सा अपशिष्ट का वैज्ञानिक एवं सुरक्षित प्रबंधन जनस्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित मानकों एवं नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।