बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रानी तीन पंचायत स्थित गोला घाट पर शनिवार सुबह स्नान करने के दौरान पैर फिसलने से एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और देखने वालों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उक्त बालक के शव पानी से बाहर निकला। इसके बाद इलाज के लिए स्थानीय निजी क्लीनिक ले गए। जहां डॉक्टरों ने उक्त किशोर को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों के चीख और पुकार से इलाके में मातमी में सन्नाटा पसर गया।
उक्त बालक की पहचान रानी तीन पंचायत के वार्ड संख्या 8 धर्मपुर भैरव स्थान निवासी प्रभात कुमार चौधरी के लगभग 11 वर्षीय पुत्र गोविंद कुमार के रूप में की गई है। जो तक्षशिला इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा चार के छात्र थे।
इस दुखद घटना के बाद विद्यालय परिसर में 2 मिनट का मौन धारण कर स्कूल को बंद कर दिया गया। विद्यालय के निर्देशक अमित विक्रम ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि गोविंद होनहार छात्र थे और इस घटना से विद्यालय परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त किशोर अपने पिता प्रभात कुमार चौधरी और दोनों छोटे भाई माधव उम्र 7 वर्ष एवं दिव्यांश उम्र 5 वर्ष के साथ स्नान करने के लिए गोलाघाट गया था। इसी दौरान अचानक पैर फिसल जाने के कारण वह गहरे पानी में चला गया। आनन-फानन में स्नान कर रहे मौजूद लोगों द्वारा उक्त बालक को बचाने की कोशिश की गई, तब तक गोविंद की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही बछवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तहकीकात कर कागजी प्रक्रिया करते हुए उक्त किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया।
इस संबंध में इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि स्नान करने के दौरान एक किशोर की डूबने से मौत हुई है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।